मालिक को अंतिम विदाई देने श्मशान घाट पहुंचा कालू, दो मिनट के मौन में भी रहा शामिल; इंसान और बेजुबान के अटूट प्रेम की अनोखी मिसाल
सीहोर। मोहनलाल राकवार ने रोजाना एक आवारा कुत्ते को रोटी खिलाकर उससे अपनापन जोड़ा था, उनके निधन के बाद वही बेजुबान कालू उनकी अंतिम विदाई में श्मशान घाट तक साथ पहुंचा। इतना ही नहीं, श्रद्धांजलि सभा के दौरान भी वह बेहद शांत और अनुशासित तरीके से लोगों के बीच बैठा रहा।
रोज की रोटी ने बना दिया था अपनापन
गल्ला मंडी के मेन रोड स्थित राधेश्याम मंदिर चौराहे के आसपास रहने वाला स्ट्रीट डॉग कालू मोहल्ले के लोगों के बीच जाना-पहचाना है। स्थानीय निवासी उसे रोज कुछ न कुछ खाने के लिए देते हैं। इसी मोहल्ले में रहने वाले भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व कर्मचारी मोहनलाल राकवार भी कालू के प्रति विशेष स्नेह रखते थे। उनका रोज का नियम था कि वे कालू को रोटी के साथ अन्य खाद्य सामग्री भी खिलाते थे। इतना ही नहीं, वे उसे उसके नाम से पुकारते और उससे कुछ देर बातचीत भी करते थे। धीरे-धीरे यह रोजमर्रा का अपनापन एक अनकहे रिश्ते में बदल गया।
अंतिम यात्रा में पीछे-पीछे चलता रहा कालू
करीब 75 वर्ष की उम्र में मोहनलाल राकवार का निधन हो गया। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे मंडी स्थित उनके निवास से राधेश्याम मंदिर के पास से विश्राम घाट तक अंतिम यात्रा निकाली गई। इसमें परिजनों, बैंक में उनके साथ काम कर चुके सहकर्मियों, राकवार समाज के लोगों और मोहल्ले के निवासियों ने हिस्सा लिया। इसी दौरान कालू भी शव यात्रा के साथ चल पड़ा। किसी ने उसे बुलाया नहीं था और न ही उसे वहां आने के लिए कहा गया था। वह खुद ही पूरी यात्रा में लोगों के साथ चलता रहा।
मौन सभा में भी दिखा कालू का अनुशासन
श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के बाद जब दिवंगत मोहनलाल राकवार को श्रद्धांजलि देने के लिए सभी लोग एकत्रित हुए, तब एक और भावुक दृश्य सामने आया। श्रद्धांजलि सभा का संचालन कर रहे व्यक्ति ने जैसे ही दो मिनट का मौन रखने के लिए कहा, कालू भी वहां आकर सभा के सामने बैठ गया। वह पूरी शांति से लोगों के बीच बैठा रहा। दो मिनट का मौन पूरा होने के बाद जैसे ही संचालक ने 'ओम शांति' कहा, कालू भी उठकर खड़ा हो गया। वहां मौजूद लोगों के लिए यह दृश्य किसी आश्चर्य से कम नहीं था। दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परंपरा के अनुसार अंतिम यात्रा में शामिल लोग कुछ समय के लिए दिवंगत के घर पहुंचे। कालू भी अन्य लोगों के साथ मोहनलाल राकवार के घर तक गया। वहां कुछ देर रुकने के बाद वह चुपचाप अपने रास्ते लौट गया।
बेजुबान ने बता दिया रिश्तों का असली अर्थ
दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परंपरा के अनुसार अंतिम यात्रा में शामिल लोग कुछ समय के लिए दिवंगत के घर पहुंचे। कालू भी सभी लोगों के साथ मोहनलाल राकवार के घर तक गया। वहां कुछ देर रुकने के बाद वह बिना किसी हलचल के अपने रास्ते लौट गया। अंतिम यात्रा में शामिल व्यवसायी जयंत शाह, एडवोकेट राकेश सक्सेना ने बताया कि कालू पूरी शव यात्रा में साथ रहा और मंडी स्थित श्मशान घाट तक पहुंचा। मोहनलाल रायकवार का दाह संस्कार पूरा होने तक वह वहीं मौजूद रहा। वहीं पूर्व पार्षद रामप्रकाश चौधरी ने बताया कि रायकवार साहब के निधन के बाद उनकी अंतिम यात्रा में 'कालू' नामक श्वान भी शामिल हुआ। वह पूरे समय शवयात्रा के आगे चला, श्रद्धांजलि सभा के दौरान वहां बैठा रहा और अंत में सभी के साथ वापस भी लौटा। कालू के इस व्यवहार ने वहां उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। जिस व्यक्ति ने अपने जीवनकाल में उसे रोज रोटी देकर थोड़ा-सा अपनापन दिया था, उसके जाने पर कालू ने अपनी मौजूदगी से उस रिश्ते की गहराई बयां कर दी। इस घटना ने एक बार फिर एहसास कराया कि प्रेम और वफादारी के लिए भाषा की जरूरत नहीं होती। कभी-कभी एक बेजुबान भी अपने व्यवहार से इंसानियत का ऐसा पाठ पढ़ा जाता है, जिसे लंबे समय तक भुलाया नहीं जा सकता।






















