Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सतना हवाई पट्टी विस्तार के लिए 18 मकानों पर चला बुलडोजर, विधायक की एसडीएम से तीखी नोकझोंक

सतना के आदर्श नगर में हवाई पट्टी विस्तार के लिए अतिक्रमण हटाया गया। 18 मकान जमींदोज हुए। विरोध में पूर्व पार्षद ने जेसीबी का कांच तोड़ा।

सतना। शहर की आदर्श नगर हवाई पट्टी के विस्तार की राह में बाधक बन रहे अतिक्रमणों को हटाने के लिए शनिवार को प्रशासन का बुलडोजर जमकर गरजा। एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया की अगुवाई में राजस्व और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से करीब 18 अवैध मकानों को जमींदोज कर दिया गया।

इस दौरान मौके पर जमकर हंगामा हुआ। कार्रवाई से आक्रोशित भाजपा के पूर्व पार्षद नीरज शुक्ला ने जेसीबी पर पत्थर फेंककर उसका कांच तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया।

स्वयं कब्जा हटाने दी मोहलत

कार्रवाई की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा समर्थकों सहित मौके पर पहुंचे और एसडीएम से उनकी तीखी नोकझोंक हुई। विरोध के अनोखे तरीके अपनाते हुए विधायक ने आरती की थाली मंगवाई और एसडीएम की आरती उतारते हुए तंज कसा, "देखो, गरीबों के भगवान आए हैं।" तनावपूर्ण माहौल के बीच प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को सोमवार तक स्वयं कब्जा हटाने की अंतिम मोहलत दी है।

सतना में महापौर पर 70 लाख और MIC सदस्य पर 20 लाख का संपत्ति कर बकाया, कांग्रेस विधायक ने उठाए सवाल

क्यों जरूरी है यह कार्रवाई?

सतना हवाई पट्टी की लंबाई 1200 मीटर से बढ़ाकर 1800 मीटर की जानी है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए प्रशासन ने कुल 92 अतिक्रमण चिह्नित किए हैं—जिनमें 65 आदर्श नगर क्षेत्र और 27 उतैली बाईपास की ओर हैं। सभी कब्जाधारियों को पूर्व में नोटिस जारी किए जा चुके थे। दूसरी ओर, इस मुहिम में बाधा डालने को लेकर नगर निगम कर्मी सुनील बाल्मीक पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने स्वयं सरकारी जमीन पर मकान बनाकर किराए पर दे रखा है और उन्हीं के इशारे पर लोगों ने हंगामा किया।

सतना नगर निगम ने काटे 401 बिजली कनेक्शन, हर महीने 1.25 करोड़ रुपए बचाने का दावा

गरीबों के आशियाने उजाड़ दिए

सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने कहा कि यदि अतिक्रमण हो रहा था, तो नगर निगम को उसी वक्त रोकना चाहिए था। प्रशासन ने बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के गरीबों के आशियाने उजाड़ दिए। हमारी मांग है कि कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और जमीन देकर उनका व्यवस्थित विस्थापन किया जाए।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts