Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बेगमगंज में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, कई गांवों में छापामार कार्रवाई

बेगमगंज और सुल्तानगंज क्षेत्र में शनिवार सुबह पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम की करीब डेढ़ दर्जन गाड़ियों के काफिले की आवाजाही से सनसनी फैल गई। टीम ने अवैध और जहरीली शराब बनाने, संग्रहण, विक्रय और परिवहन के खिलाफ कई गांवों में सघन तलाशी अभियान चलाकर छापामार कार्रवाई की।
बेगमगंज में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई

बेगमगंज। पहले बेगमगंज और फिर सुमेर-सुल्तानगंज पहुंचा वाहनों का काफिला लोगों के लिए चर्चा का विषय बन गया। वहीं, चंदौड़ा गांव में फरार मुख्य आरोपियों की तलाश की गई, लेकिन दोनों मौके पर नहीं मिले। दूसरी ओर, क्षेत्र में खुलेआम बिक रही अवैध और कच्ची शराब को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी सामने आई है।

8 जिलों के आबकारी और पुलिस अमले ने चलाया अभियान

आबकारी आयुक्त मध्य प्रदेश ग्वालियर दीपक सक्सेना के निर्देश और कलेक्टर रोहित सिसोनिया के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। प्रभारी पुलिस अधीक्षक जिला दीपक नायक और सहायक आबकारी आयुक्त जिला रायसेन डॉ. शादाब अहमद सिद्दीकी के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम गठित की गई थी। इसमें रायसेन, भोपाल, सीहोर, होशंगाबाद, विदिशा, सागर और राजगढ़ जिलों के आबकारी स्टाफ के साथ पुलिस अधिकारी शामिल रहे।

ये भी पढ़ें: कांकेर में 3 किलो का IED बरामद,BDS ने किया नष्ट,टली बड़ी साजिश

कई गांवों में सघन तलाशी लेकर की छापामार कार्रवाई

संयुक्त टीम ने ग्राम चंदौड़ा, खमरिया, गुलवाड़ा, सागौनी, माला फाटक बेगमगंज, नारायणपुर और जिला सागर के पास के गांवों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अवैध और जहरीली शराब के बनाने, संग्रहण, विक्रय और परिवहन के खिलाफ छापामार कार्रवाई की गई। अभियान में सिलवानी एसडीओपी आशुतोष त्यागी, थाना प्रभारी सुल्तानगंज दिनेश रघुवंशी और थाना प्रभारी बेगमगंज राजीव उइके भी शामिल रहे।

शराब माफिया में दहशत पैदा करने के लिए निकाला फ्लैग मार्च

सुल्तानगंज और सागर जिले के सीमावर्ती संदिग्ध गांवों में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने फ्लैग मार्च भी निकाला। इसका उद्देश्य शराब माफिया में दहशत पैदा करना और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने का संदेश देना था। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी कि अगर उनके गांव या आसपास अवैध शराब का निर्माण, विक्रय, संग्रहण या परिवहन किया जा रहा है, तो आबकारी विभाग के दिए गए नंबरों पर सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखने की बात भी कही गई।

Breaking News

अवैध शराब की बिक्री को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

उल्लेखनीय है कि बेगमगंज और सुल्तानगंज क्षेत्र के गांवों में अवैध और कच्ची शराब की खुलेआम बिक्री को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। शराब और गांजा माफिया के खिलाफ महिलाएं सहित कई लोग ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि आज तक नशे के कारोबारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस और आबकारी विभाग का बड़ा अमला छापामारी करने पहुंचा, लेकिन सूचना गलत साबित होने पर टीम खाली हाथ लौट गई। वहीं, क्षेत्र में जनचर्चा है कि नशे के कारोबारियों से कथित चौथवसूली के चलते उन पर कार्रवाई नहीं होती। इन आरोपों के बीच आमजन और महिलाओं में शासन-प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है।

Anand Sharma
By Anand Sharma

में आनंद कुमार शर्मा पिछले 15 वर्ष से विभिन्न संथाओं के माध्यम से पत्रकारिता कर रहा हूँ मैंने अपनी प...

Latest Posts