गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर कटनी में निकली भव्य शोभायात्रा, बारिश के बीच उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

कटनी। गुरु महाराज के जयकारों और गुरुवाणी के मधुर कीर्तन से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह सामाजिक और स्वयंसेवी संगठनों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया और संगत को प्रसाद वितरित किया।
गुरुद्वारा साहिब से हुआ शोभायात्रा का शुभारंभ
शोभायात्रा का शुभारंभ बरही रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब से हुआ। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की सरपरस्ती और पंच प्यारों की अगुवाई में निकली शोभायात्रा में आकर्षक ढंग से सुसज्जित पालकी साहिब विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पालकी साहिब को रंग-बिरंगे फूलों और विद्युत झालरों से भव्य रूप से सजाया गया था। इसमें विराजमान श्री गुरु ग्रंथ साहिब के दर्शन के लिए श्रद्धालु रास्ते भर आतुर नजर आए।
गुरुवाणी और कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल
शोभायात्रा में रागी जसवंत सिंह और उनके साथी मधुर गुरुवाणी और कीर्तन प्रस्तुत करते हुए चल रहे थे। कीर्तन की स्वर लहरियों और वाहेगुरु के जयकारों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया। बारिश की हल्की फुहारों के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह और उमंग देखने लायक रहा।
शहर के प्रमुख मार्गों से निकली शोभायात्रा
गुरुद्वारा साहिब से शुरू हुई शोभायात्रा ओवरब्रिज के नीचे से होते हुए हीरागंज, गर्ग चौराहा, घंटाघर, झंडा बाजार, शेर चौक, आजाद चौक, मिशन चौक और सुभाष चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से निकली। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह आकर्षक सजावट और विद्युत रोशनी की व्यवस्था की गई थी। सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर पालकी साहिब का स्वागत किया। कई जगहों पर संगत के लिए प्रसाद और जलपान की व्यवस्था भी की गई।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर में ट्रैक्टर-बाइक की भिड़ंत, 20 वर्षीय युवक की मौत, अस्पताल में दूसरे घायल ने भी दम तोड़ा
युवाओं के पारंपरिक करतब बने आकर्षण
शोभायात्रा के दौरान युवाओं ने पारंपरिक करतब और हैरतअंगेज प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मार्ग में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने गुरु महाराज के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। बारिश की हल्की फुहारें भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकीं और पूरे मार्ग में श्रद्धा तथा सेवा का भाव दिखाई दिया।
आतिशबाजी के साथ गुरुद्वारा साहिब में हुआ समापन
शोभायात्रा वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुई। यहां आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया। प्रकाश पर्व को लेकर पूरे सिख समाज में विशेष उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। शोभायात्रा में गुरचरण सिंह खुराना, तेजपाल सिंह भाटिया, अवतार सिंह टुटेजा, सोनू खुराना, सतवीर सिंह भाटिया, जसप्रीत सिंह लांबा, बाबू ग्रोवर, पार्षद मौसूफ अहमद, बिट्टू, इकबाल सलूजा, अमनदीप सिंह भाटिया, रिंकी खालसा, लकी खालसा, संतोख सिंह भट्टी, नीटू नारंग, हरप्रीत सिंह ग्रोवर, जसपाल सिंह मठारू, हरभजन सिंह खालसा, अनुज आनंद, अरुण चक्रवर्ती, रवि गंगवानी, भीषम चेलानी और आकाश लालवानी सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, महिलाएं एवं युवा शामिल रहे।




















