लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त ट्रांसफर, आगर मालवा से सीएम ने 1.25 करोड़ बहनों के खातों में भेजे रुपये

आगर मालवा। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की मंगलकामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार लगातार बहनों को हर महीने बिना किसी परेशानी के 1500 रुपए दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अब तक करीब 55 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि बहनों के खातों में पहुंचा चुकी है और जो वादा किया था, उसे पूरा किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि करीब 4 लाख बहनें लघु उद्योग की इकाई स्थापित कर रही हैं और स्वयं सहायता समूह से निकलकर उद्योगपति बन रही हैं। उन्होंने आगर मालवा में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि अब क्षेत्र में सड़क, बिजली और पानी के साथ बहनों के हाथ में भी पैसे पहुंचाए जा रहे हैं।
सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर कसा तंज
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि नलखेड़ा में बिराजी मां और बाबा बैजनाथ के आशीर्वाद से यहां की धरती धन्य हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और हमारी सरकार लगातार बहनों को हर महीने बिना किसी परेशानी के 1500 रुपए दे रही है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब बहनों को राशि देने की बात आई तो कांग्रेस लगातार झूठ बोलती रही और कहती रही कि यह योजना चलेगी नहीं, सरकार ये रुपये नहीं दे सकेगी और सरकार के पास पैसा नहीं है।
ये भी पढ़ें: भोपाल के 10 बड़े होटलों में छापा, सड़े आलू और दाल में कीड़े मिले, जांच के लिए सैंपल लैब भेजे
'55 हजार करोड़ से ज्यादा बहनों के खातों में पहुंचाए'
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेसियों आंखें खोलकर देख लो, हमारी सरकार लगभग 55 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि बहनों के खातों में पहुंचा चुकी है। उन्होंने कहा कि हमने जो आपसे वादा किया, वो पूरा कर रहे हैं और यह राशि देकर हम सांस्कृतिक भाव भी दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि दुर्गा माता, धरती माता और गौ माता ने हमेशा हमारी संस्कृति को पोषित किया है और मां बगुलामुखी के आशीर्वाद से लगातार विकास के काम किए जा रहे हैं।
'लघु उद्योग से उद्योगपति बन रहीं बहनें'
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि आज करीब 4 लाख बहनें लघु उद्योग की इकाई स्थापित कर रही हैं। स्वयं सहायता समूह से निकलकर बहनें उद्योगपति बन रही हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नमो दीदी, ड्रोन दीदी और लखपति दीदी बन रही हैं। उन्होंने कहा कि एक के बाद एक सभी क्षेत्रों में बहनें प्रगति कर रही हैं और बिना थके परिवार को आगे बढ़ा रही हैं।
तीज पर बहनों की शक्ति का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि माताएं-बहनें बहुत बड़ी ताकत होती हैं और वे आज तीज के अवसर पर उनके बीच आए हैं। उन्होंने कहा कि आज हरतालिका तीज है और रात के बाद गणेश चतुर्थी भी है, ऐसे में बहनें पूरी रात जागकर परिवार के कल्याण की कामना करती हैं। उन्होंने कहा कि भगवान माताओं के भाव को समझते हैं, इसलिए अपने नाम के आगे माता का नाम रखते हैं और मां का नाम लेने पर भगवान खुलकर आशीर्वाद देते हैं।
ये भी पढ़ें: भोपाल-इंदौर का मास्टर प्लान फाइनल करने अधिकारियों को दिए निर्देश : सीएम
'आगर से उज्जैन 40 मिनट में पहुंच सकते है'
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि आगर में इतना विकास हुआ है कि अब इसे पहचानना मुश्किल है। कांग्रेस के शासनकाल में यहां टूटे-फूटे और टूटी-फूटी सड़कें थीं, जबकि आज आगर मालवा महानगर हो गया है और यहां से 40 मिनट के अंदर उज्जैन पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि अब सिंहस्थ आने वाला है, इसलिए राजस्थान जाने के लिए इस मार्ग पर 4-लेन बनने वाला है और यहां से एक लाइन सुपर एक्सप्रेसवे की है, जिससे दिल्ली-मुंबई सहित साढ़े 6 घंटे में जहां जाना चाहें जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित कर दिया है और पूरा क्षेत्र बदल गया है। हमारी सरकार ने तय किया कि वह केवल सड़क-बिजली-पानी नहीं देगी, बल्कि बहनों के हाथ में भी पैसे देगी।


















