Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल के 10 बड़े होटलों में छापा, सड़े आलू और दाल में कीड़े मिले, जांच के लिए सैंपल लैब भेजे

भोपाल में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने 10 बड़े होटल-रेस्टोरेंट में दो दिन जांच अभियान चलाया। कई प्रतिष्ठानों में एक्सपायरी और सड़ी खाद्य सामग्री, गंदे किचन, खुले डस्टबिन और भंडारण में लापरवाही मिली। कुछ खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।
भोपाल के 10 बड़े होटलों में छापा, सड़े आलू और दाल में कीड़े मिले, जांच के लिए सैंपल लैब भेजे
भोपाल। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने 10 बड़े होटल-रेस्टोरेंट में दो दिन जांच अभियान चलाया।

भोपाल। सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतें मिलने पर जिला खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने दो दिन खाद्य पदार्थों का चेकिंग अभियान चलाया। शहर के 10 बड़े होटलों और रेस्टोरेंट में छापेमार कार्रवाई की गई। कई जगह एक्सपायरी खाद्य सामग्री, सड़े फल-सब्जियां, गंदे किचन, खुले डस्टबिन और खाद्य पदार्थों के भंडारण में लापरवाही सामने आई। कुछ जगह खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए गए हैं। सभी सैंपलों को जांच के लिए ईदगाह हिल्स स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

किस होटल-रेस्टॉरेंट में क्या मिला 

होटल ताज : जांच में वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री को अलग-अलग रखने की व्यवस्था देखी गई। दो तरह का पनीर मिला, जिसमें एक की प्रकृति अलग दिखाई देने पर उसकी गुणवत्ता को लेकर संदेह हुआ। हालांकि, बिल की प्राथमिक जांच में इसे उचित पाया गया। होटल प्रबंधन को जरूरी सुधार के निर्देश दिए गए।

होटल सयाजी : एक्सपायरी डेट के बाद फिश और चिकन के इस्तेमाल तथा एक्सपायरी नॉनवेज सामग्री के भंडारण की बात सामने आई। वेज-नॉनवेज सामग्री को रखने और तैयार करने में भी कमियां मिलीं। खुले डस्टबिन मिले। पानी की गुणवत्ता से जुड़ी रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी।

होटल जहांनुमा रिट्रीट और सैर सपाटा : खाद्य सामग्री को अलग-अलग रखने और किचन की व्यवस्था संतोषजनक मिली।

साक्षी ढाबा : केरवा डैम तिराहे पर संचालित साक्षी ढाबे की जांच की गई। शिकायत में बकरे या चिकन की जगह दूसरे मांस के इस्तेमाल का आरोप था। जांच के दौरान मटन और पनीर के सैंपल लिए गए।

टर्टोकोइज़ हॉस्पिटैलिटी : सैर सपाटा रोड स्थित रेस्टोरेंट में मूंग दाल और राजमा में कीड़े मिले। इन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। नॉनवेज फ्रीजर की सफाई ठीक नहीं थी और भंडारण क्षेत्र में कीटों की मौजूदगी के संकेत मिले। खुले डस्टबिन, गंदी कढ़ाई और लाइसेंस प्रदर्शित नहीं होने जैसी कमियां भी मिलीं।

होटल रेडिसन : हनी ब्रेड के चार पैकेट गलत लेबलिंग वाले मिले। ब्रेड का नमूना लिया गया। करीब 50 किलो सड़े आलू भी मिले, जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। मीट पैकेट की तारीख, फ्रोजन मीट और सामान को पहले इस्तेमाल करने की व्यवस्था में भी कमियां मिलीं।

होटल पलाश : रसोई में मशरूम के आठ पैकेट सड़े मिले। इन्हें नष्ट कराया गया। खुले डस्टबिन, गंदी कढ़ाई, फ्रीजर में खराब सब्जियां और खाद्य सामग्री रखने में लापरवाही मिली। एक्सपायरी आटा और अधूरी जानकारी वाला चिकन मसाला पैकेट भी मिला। ब्रेड की पैकिंग पर भी जरूरी जानकारी नहीं थी।

द क्राउन 1909 : द क्राउन 1909 रूफटॉप रेस्टोरेंट, मिंटो हॉल में वेज-नॉनवेज सामग्री अलग रखने, साफ-सफाई और बर्तनों की व्यवस्था ठीक मिली। यहां कोई खाद्य नमूना नहीं लिया गया।

होटल आदित्य ग्रैंड : करीब आधा पैकेट एक्सपायरी ब्रेड मिली। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं थे और खाना बनाते समय हेयर कवर का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था। पनीर का सैंपल लिया गया।

सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे

सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत मिलने पर दो दिनों में शहर के 10 होटलों और रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की जांच की गई है। कई सामग्री सड़ी और खराब मिली है। सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

-शिवराज सिंह पवाक, मुख्य जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts