सीहोर में लघु उद्योग भारती का विस्तार, राष्ट्र हित-उद्योग हित के संकल्प के साथ नई टीम को मिली जिम्मेदारी

सीहोर। राष्ट्रहित और उद्योगहित के संकल्प के साथ उद्यमिता को नई दिशा देने की पहल करते हुए सीहोर में लघु उद्योग भारती की जिला इकाई का गठन किया गया। समारोह में संगठन के पदाधिकारियों ने मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को मजबूत बनाने, युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान की बात भी की। इस दौरान युवा उद्योगपति प्रांजल रल्हन को जिला अध्यक्ष और सुनील मालवीय को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
उद्योगों के विकास से राष्ट्र निर्माण का संकल्प
लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि लघु उद्योग भारती देशभर के सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों का प्रतिनिधित्व करने वाला संगठन है। संगठन राष्ट्रहित और उद्योगहित की भावना के साथ उद्यमियों तथा सरकार के बीच सेतु की भूमिका निभाता है। इसका उद्देश्य केवल उद्योगों की समस्याएं उठाना नहीं, बल्कि उनके समाधान का रास्ता तैयार करना भी है।
मिश्रा ने कहा कि युवाओं को नए उद्योग स्थापित करने के लिए प्रेरित करना और पहले से संचालित उद्योगों के सामने आने वाली कठिनाइयों का निराकरण कराना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार होने से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और देश की आर्थिक मजबूती को भी गति मिलेगी।
सीहोर में सज्जन सिंह वर्मा बोले-कहीं पोल न खुल जाए, इसलिए हरदीप पुरी को बनाया उम्मीदवार
प्रांजल रल्हन को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी
समारोह में प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा ने सीहोर जिला इकाई के पदाधिकारियों की घोषणा की। इसके अनुसार प्रांजल रल्हन को जिला अध्यक्ष, घनश्याम मेवाड़ा और अशोक गौर को उपाध्यक्ष वहीं, सुनील मालवीय को सचिव के स्थान पर महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
विजय सेन सह सचिव और मनीष भट्टर कोषाध्यक्ष बनाए गए। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में हिरदेश गौर, राजू राठौर और राकेश परिहार को शामिल किया गया। नई टीम के गठन के साथ जिले में लघु उद्योगों से जुड़े उद्यमियों को संगठित करने और उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने की दिशा में नई पहल शुरू हुई है।
प्रदेश के सभी जिलों में संगठन की इकाइयां गठित
लघु उद्योग भारती के मध्य भारत प्रांत अध्यक्ष सोबरन सिंह ने कहा कि सीहोर जिला इकाई के गठन के साथ प्रदेश के सभी जिलों में संगठन की इकाइयां गठित हो गई हैं। उन्होंने उद्यमियों से हर क्षेत्र की चुनौतियों का सामना करते हुए उद्यमिता के माध्यम से राष्ट्र को शिखर पर पहुंचाने के संकल्प के साथ काम करने का आह्वान किया।
गणमान्य नागरिकों और उद्यमियों की रही सहभागिता
सीहोर जिला संयोजक नवीन सोनी ने नवगठित इकाई के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई। समारोह में स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्रीय संयोजक सुधीर दांते, सीहोर नगर संघचालक भारत सोनी, सुरेश गुप्ता, उमा शर्मा, प्रतिभा शुक्ला, रश्मि गुर्जर, शुभा कामऋषि, प्रियंका शर्मा, विनोद नायर, अरुशेद्र शर्मा, चेतन साहू, गौरव सोडानी, प्रदीप मिश्रा, ईश अरोरा, आशीष शर्मा, नीरज शर्मा, राकेश अवस्थी, देवेंद्र श्रीवास्तव, विनीता झा, हरीश जांगिड़ और नितिन कामऋषि सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं उद्यमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सोनल श्रीवास्तव ने किया, जबकि अंत में दिनेश गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।




















