भोपाल में वर्ग-3 शिक्षक अभ्यर्थियों का चक्काजाम, नियुक्ति पत्र की मांग को लेकर सड़क पर लेटे; हिरासत में लेने पर गाया राष्ट्रगान

भोपाल। राजधानी भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर प्राथमिक शिक्षक वर्ग-3 भर्ती के मेरिट होल्डर अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र और जॉइनिंग की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर थालियां बजाने और नारेबाजी करने लगे जिससे चौराहे पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की लेकिन अभ्यर्थी अपनी मांगों पर अड़े रहे।
पुलिस के हटाने पर सड़क पर लेटे अभ्यर्थी
प्रदर्शन के दौरान जब पुलिस ने रास्ता खुलवाने के लिए अभ्यर्थियों को हटाने का प्रयास किया, तो कई प्रदर्शनकारी सड़क पर लेट गए। कुछ अभ्यर्थियों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़ लिया और सड़क से हटने से इनकार कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच खींचतान भी हुई। पुलिस लगातार चौराहे से प्रदर्शनकारियों को हटाकर यातायात बहाल करने का प्रयास करती रही। अभ्यर्थियों को हिरासत में लिए जाने के दौरान आंदोलनकारी राष्ट्रगान गाने लगे।

नियुक्ति पत्र और जॉइनिंग मिलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक नियुक्ति पत्र जारी करने और जॉइनिंग को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वे भर्ती नियम के क्लॉज 49 का हवाला देते हुए दस्तावेज सत्यापन के दौरान डीएलएड की डिग्री से जुड़ी शर्त पर सवाल उठा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़े इस मुद्दे का समाधान कर उन्हें नियुक्ति पत्र जारी किए जाएं और जॉइनिंग दी जाए।
करीब 22 दिन पहले भी किया था चक्काजाम
वर्ग-3 शिक्षक अभ्यर्थियों ने करीब 22 दिन पहले भी नियुक्ति की मांग को लेकर भोपाल के एमपी नगर चौराहे पर चक्काजाम किया था। उस समय प्रदर्शन करीब चार घंटे तक चला था। बाद में एसडीएम लाखन सिंह चौधरी और पुलिस अधिकारियों से बातचीत के बाद आंदोलन समाप्त हुआ था।
मंत्री या मुख्यमंत्री स्तर पर बातचीत नहीं होने से नाराजगी
पिछले प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने कहा था कि यदि शिक्षा मंत्री या मुख्यमंत्री स्तर पर बातचीत नहीं होती और उनकी समस्या का समाधान नहीं निकलता, तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे। अब नियुक्ति पत्र और जॉइनिंग की मांग को लेकर अभ्यर्थी फिर सड़क पर उतर आए हैं।




















