Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Vikas Sethi Death : ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ फेम विकास सेठी का निधन, 48 की उम्र में हार्ट अटैक से मौत

Follow on Google News
Vikas Sethi Death : ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ फेम विकास सेठी का निधन, 48 की उम्र में हार्ट अटैक से मौत
मुंबई। टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर एक्टर और 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' फेम विकास सेठी का निधन हो गया है। 48 साल के विकास की मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। इस खबर के सामने आने के बाद हर कोई दंग रह गया है। विकास इंडस्ट्री के बड़े एक्टर थे, उन्होंने कई बड़े-बड़े सीरियल्स में काम किया है। विकास की मौत की खबर ने टीवी इंडस्ट्री के साथ ही फैंस को हिलाकर रख दिया है। विकास अपने पीछे अपनी पत्नी जाह्नवी सेठी और अपने जुड़वां बेटों को छोड़ गए हैं।

नींद में हुई विकास की मौत!

बताया जा रहा है कि 8 सितंबर यानी रविवार की सुबह उनका निधन हो गया। विकास की मौत नींद में दिल का दौरा पड़ने के कारण हुई। अभी तक परिवार की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। एक्टर का परिवार पूरी तरह गम में डूबा हुआ है।

सेठी को घर-घर में मिली थी पहचान

स्मृति ईरानी और एकता कपूर के मशहूर शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ से विकास सेठी को घर-घर में पहचान मिली थी। इसी के साथ 'कहीं तो होगा', 'कसौटी जिंदगी की' जैसे शोज का हिस्सा रहे विकास सेठी घर-घर में पहचाना जाने वाला चेहरा बन गए थे। शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ की साल 2000 में शुरुआत हुई थी और 8 साल तक चलने वाले इस शो में विकास सेठी का अहम किरदार था।

जुड़वां बेटों को छोड़ गए विकास

2021 में विकास सेठी ने अपने पैर की सर्जरी कराई थी। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड कर बताया था कि डॉक्टर ने उन्हें डेढ़ महीने तक आराम की सलाह दी थी, लेकिन वह उम्मीद से पहले ही ठीक हो रहे थे। उन्होंने फैंस से पहले से मजबूती से लौटने का वादा किया था। वहीं जून 2021 में एक्टर सेठी और उनकी पत्नी जाह्नवी सेठी दो जुड़वां बच्चों के पेरेंट्स बने थे। विकास की जाह्नवी दूसरी पत्नी थी। इससे पहले उनकी शादी अमिता से हुई थी।

कई पॉपुलर सीरियल्स का हिस्सा रहे

अब अगर वर्कफ्रंट पर बात करें तो विकास सेठी ‘दिल ना जाने क्यों’, ‘कहीं तो होगा’, ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’, ‘क्यों होता है प्यार’, ‘गुस्ताख दिल’, ‘उतरन’, ‘गीत हुई सबसे पराई’, ‘दो दिल बंधे एक डोरी से’, ‘ससुराल सिमर का’ जैसी कई पॉपुलर सीरियल्स का हिस्सा रह चुके हैं। फिल्मों की बात करें तो एक्टर 'कभी खुशी कभी गम' में भी नजर आए थे। वो 'नच बलिए 3' का भी हिस्सा थे। 2001 में आई 'दीवानापन' में भी विकास ने काम किया था। इस फिल्म में उनके साथ अर्जुन रामपाल और दीया मिर्जा लीड रोल में थे। आखिरी बार एक्टर 'इस्मार्ट शंकर' में नजर आए थे।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts