
भोपाल में एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि हत्या का आरोप मृतक के बड़े भाई पर लगा है। दोनों भाईयों में कपड़े पहनने को लेकर विवाद हुआ था।
क्या है पूरा मामला?
भोपाल के भीम नगर में रहने वाले 19 वर्षीय विवेक गिरी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। आज सुबह 5:30 बजे पड़ोसियों ने हत्या की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बताया कि हत्या का आरोप विवेक के बड़े भाई ओमकार गिरी पर लगा है। दोनों भाई शादी पार्टियों में वेटर के तौर पर काम करते थे।
कपड़े पहनने को लेकर विवाद
पुलिस ने बताया कि रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात करीब 1 बजे विवेक घर लौटा था। उसने बड़े भाई ओमकार गिरी की जीन्स पहनी हुई थी। उसके घर लौटते ही विवेक ने अपने कपड़े पहनने को लेकर छोटे भाई से विवाद शुरू कर दिया। दोनों में काफी समय तक बहस हुई और बात मारपीट तक पहुंच गई। इससे गुस्सा होकर ओमकार ने अपने घर में रखे चाकू से छोटे भाई विवेक की गर्दन पर हमला कर दिया। हमले में विवेक की मौके पर ही मौत हो गई थी।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि आरोपी ओमकार गिरी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि विवेक आए दिन उसके कपड़े और जूते पहन लेता था। समझाने पर बदसलूकी करता था। पिता का भी ध्यान नहीं रखता था। उनके साथ बदसलूकी और मारपीट करता था। पुलिस का मानना है कि हत्याकांड को रात एक बजे के आस पास अंजाम दिया गया है। चाकू मारने के बाद बड़ा बेटा घर से भाग चुका था।