Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

युवा संगम में 450 पदों पर भर्ती; खिलचीपुर में रोजगार मेला 9 सितंबर को, कई क्षेत्रों में मिलेगा काम

खिलचीपुर में 9 सितंबर को आयोजित युवा संगम में रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर मिलेंगे। 5 से 7 कंपनियां इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, उत्पादन, कृषि और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में करीब 450 पदों पर भर्ती करेंगी। 10वीं से स्नातक और आईटीआई पास 18 से 30 वर्ष के युवा साक्षात्कार में शामिल हो सकेंगे।
युवा संगम में 450 पदों पर भर्ती; खिलचीपुर में रोजगार मेला 9 सितंबर को, कई क्षेत्रों में मिलेगा काम
फाइल फोटो

खिलचीपुर। जिले में युवा संगम (रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिस मेला) का आयोजन 9 सितंबर 2026 को किया जाएगा। मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक शासकीय आईटीआई खिलचीपुर के नए भवन, जीरापुर रोड में आयोजित होगा। मेले में 5 से 7 कंपनियों के शामिल होने की संभावना है।

इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, उत्पादन, कृषि क्षेत्रों में भर्तियां 

विभिन्न कंपनियों द्वारा इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, उत्पादन, कृषि, फर्टिलाइजर, स्वास्थ्य सहित अन्य क्षेत्रों में करीब 450 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित आवेदकों को पद और कंपनी के अनुसार 13 हजार से 22 हजार रुपये तक वेतन मिल सकता है। कुछ पदों पर इससे अधिक वेतन भी निर्धारित है। 

10वीं से स्नातक और आईटीआई उत्तीर्ण युवा होंगे पात्र 

मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, स्नातक एवं स्नातकोत्तर योग्यता रखने वाले इच्छुक युवा शामिल हो सकते हैं। विभिन्न पदों के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष तक निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता और संबंधित कंपनियों की आवश्यकता के अनुसार साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: ₹14 हजार नहीं, ₹30 हजार चाहिए! स्टाइपेंड के लिए CM हाउस निकले इंटर्न डॉक्टर, पुलिस ने हमीदिया में बैरिकेडिंग कर रोका

इन कंपनियों में मिलेंगे रोजगार और अप्रेंटिस के अवसर 

  1. ध्‍यायम बायोटेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड कृषि क्षेत्र में सेल्स रिप्रेजेंटेटिव और टीम लीडर के 200 पदों** पर भर्ती करेगी। इसके लिए 12वीं, स्नातक एवं स्नातकोत्तर योग्य उम्मीदवार पात्र होंगे। आयु सीमा 18 से 30 वर्ष तथा वेतन 13 हजार से 25 हजार रुपये तक होगा।

      2.पुष्कराज हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड स्वास्थ्य क्षेत्र में वेलनेस एडवाइजर के 100 पदों पर भर्ती करेगी। 10वीं, 12वीं एवं स्नातक योग्य 18 से 25 वर्ष आयु के युवा आवेदन कर सकते हैं। वेतन 13 हजार से 18 हजार रुपये तक रहेगा।

      3.न्यूट्रक्स स्किल एंड मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड उत्पादन एवं विनिर्माण क्षेत्र में टेक्नीशियन/ऑपरेटर के 100 पदों पर भर्ती करेगी। 10वीं, 12वीं, आईटीआई एवं स्नातक योग्य 18 से 25 वर्ष आयु के उम्मीदवार पात्र होंगे। वेतन 13 हजार से 22 हजार रुपये तक रहेगा।

अप्रेंटिसशिप के लिए भी कई मौके 

      4.वोल्वो आइशर प्राइवेट लिमिटेड ऑटोमोबाइल क्षेत्र में अप्रेंटिसशिप के 30 पदों पर भर्ती करेगी। इसके लिए आईटीआई उत्तीर्ण 18 से 25 वर्ष आयु के युवा पात्र होंगे। वेतन 12 हजार से 17 हजार रुपये तक रहेगा।

      5.एम/एस बगलामुखी एंटरप्राइज विद्युत क्षेत्र में अप्रेंटिसशिप/अनुबंध आधार पर 50 पदों पर भर्ती करेगी। 10वीं, 12वीं, आईटीआई एवं स्नातक योग्य 18 से 28 वर्ष आयु के पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे। वेतन 13 हजार से 15 हजार रुपये तक रहेगा।

      6.धम्मा स्टाफिंग प्राइवेट लिमिटेड उत्पादन एवं विनिर्माण क्षेत्र में मशीन ऑपरेटर/टेक्नीशियन के 100 पदों पर भर्ती करेगी। आईटीआई उत्तीर्ण एवं अन्य योग्य 18 से 30 वर्ष आयु के उम्मीदवार इसमें शामिल हो सकते हैं। वेतन 22 हजार से 25 हजार रुपये तक रहेगा।

ये भी पढ़ें: ₹90 लाख की नौकरी छोड़ जुनून के पीछे चला युवक, अब ₹1.44 करोड़ का दावा, जानें कैसे शुरू किया बिजनेस

रोजगार पोर्टल पर पंजीयन जरूरी

युवा संगम में रोजगार के साथ स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर भी उपलब्ध रहेंगे। इच्छुक युवाओं को निर्धारित तिथि और समय पर अपने आवश्यक शैक्षणिक एवं अन्य दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा। मेला पूरी तरह निःशुल्क रहेगा और अभ्यर्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों से कहा गया है कि मेले में शामिल होने से पहले रोजगार विभाग के पोर्टल mprojgar.gov.in पर अपना रोजगार पंजीयन अवश्य करा लें। 

Ramesh Dangi
By Ramesh Dangi

Latest Posts