खिलचीपुर में गाड़गंगा नदी के पुल के पास नाले में फंसा युवक, रेस्क्यू के बाद अस्पताल में मृत घोषित
खिलचीपुर। राजगढ़ जिले के खिलचीपुर नगर में मंगलवार को गाड़गंगा नदी के छोटे पुल के पास एक युवक नाले में फंस गया। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान बीरम पिता बल्लभ, उम्र 34 वर्ष, निवासी थावरिया बाजार, खिलचीपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह नाले में पटिये लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह पानी के बहाव के बीच नाले में फंस गया।
करीब एक घंटे तक नाले में फंसा रहा युवक
जानकारी के मुताबिक घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे की है। युवक गाड़गंगा नदी के छोटे पुल के पास नाले में काम कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक नाले में फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। युवक के नाले में फंसे होने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने मदद की कोशिश की और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
जेसीबी की मदद से चलाया गया रेस्क्यू अभियान
युवक को बाहर निकालने के लिए प्रशासन ने जेसीबी की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। बचाव दल ने काफी प्रयास किया, लेकिन करीब एक घंटे तक नाले में फंसे रहने के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया था। रेस्क्यू के दौरान मौके पर लोगों की बड़ी भीड़ जमा हो गई। प्रशासन और बचाव दल की कोशिशों के बाद युवक को बाहर निकाला गया और तत्काल शासकीय अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें: बारिश के बीच निकली भगवान लड्डू गोपाल की भव्य शोभायात्रा, बारना नदी में कराया जल विहार
एसडीएम समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम ज्योति राजोरे, एसडीओपी, थाना प्रभारी कमल सिंह गहलोत और नायब तहसीलदार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रशासन की निगरानी में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। युवक को बाहर निकालने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: भोपाल के तरावली गांव में अवैध शराब के अड्डे पर छापा, 275 लीटर कच्ची शराब और 15 हजार किलो लाहन जब्त
पीएम के बाद परिजनों को सौंपा शव
अस्पताल में चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद युवक का पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की मौत की खबर फैलते ही खिलचीपुर नगर में शोक का माहौल बन गया। पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।




















