Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बारिश के बीच निकली भगवान लड्डू गोपाल की भव्य शोभायात्रा, बारना नदी में कराया जल विहार

रायसेन के बाड़ी में जल झूलनी एकादशी यानी ढोल ग्यारस पर भगवान लड्डू गोपाल के विमानों का भव्य जुलूस निकाला गया। बारिश के बीच हजारों श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए। डीजे, ढोल-बैंड और भजनों के साथ नगर भ्रमण के बाद भगवान लड्डू गोपाल का बारना नदी में जल विहार कराया गया। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पूजा-अर्चना और आरती की।
बारिश के बीच निकली भगवान लड्डू गोपाल की भव्य शोभायात्रा, बारना नदी में कराया जल विहार

रायसेन। जल झूलनी एकादशी यानी ढोल ग्यारस के अवसर पर बाड़ी नगर में भगवान लड्डू गोपाल के विमानों का भव्य जुलूस निकाला गया। समिति के तत्वावधान में आयोजित इस आयोजन में तीनों विमानों को एक साथ बंशीदास जी छोटे मंदिर से नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया। डीजे, ढोल-बैंड और भजन-कीर्तन के बीच निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।

प्रमुख मार्गों से निकला जुलूस

भगवान लड्डू गोपाल के विमान ब्लॉक जनपद पंचायत कार्यालय से होते हुए पंचमुखी हनुमान मंदिर, बाड़ी थाना परिसर स्थित मंदिर, वार्ड क्रमांक 12, वार्ड क्रमांक 11, बस स्टैंड और मंगलवारा बाजार सहित नगर के प्रमुख मार्गों से निकले। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान के विमानों का स्वागत किया और पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। मां कर्मा मंदिर, नगर परिषद अध्यक्ष ममता धर्मेन्द्र चौहान के निवास, दुर्गा मंदिर वार्ड नंबर 11, बस स्टैंड, चिंतामन चौराहा और हिंगलाज रोड सहित कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए।

Breaking News

महिलाओं ने लगाया पंजरी का भोग

शोभायात्रा के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाओं ने घरों और रास्तों पर भगवान के विमानों का स्वागत कर पंजरी, ककड़ी, केला और श्रीफल का भोग लगाया। इस दौरान पूरे नगर में 'हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की' के जयघोष गूंजते रहे। बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखने लायक रहा। बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल हुए।

बारना नदी में कराया जल विहार

नगर भ्रमण के बाद भगवान के विमान मंगलवारा बाजार होते हुए बारना नदी पहुंचे। यहां विधि-विधान के साथ भगवान लड्डू गोपाल को जल विहार कराया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया और भव्य जुलूस का समापन हुआ। आयोजन में नगर के गणमान्य नागरिक, पत्रकार, विभिन्न समितियों के अध्यक्ष और सदस्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Buddhi Sharma
By Buddhi Sharma

Latest Posts