खुशी के दिन मातम, पंखा चलाने तार लगा रहे व्यक्ति की करंट लगने से मौत

खिलचीपुर के भादाहेड़ी गांव में रक्षाबंधन से एक दिन पहले 48 वर्षीय किसान रोडमल भिलाला की करंट लगने से मौत हो गई। घर के बाहर पंखा चलाने के लिए बिजली का तार लगाते समय हादसा हुआ। भाई की मौत की खबर सुनकर अस्पताल पहुंची बहन राधाबाई फूट-फूटकर रो पड़ीं। घटना से गांव में शोक छा गया।
खुशी के दिन मातम, पंखा चलाने तार लगा रहे व्यक्ति की करंट लगने से मौत
मृतक रोडमल भिलाला।

खिलचीपुर। नगर के समीप ग्राम भादाहेड़ी  में गुरुवार को हुए एक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबा दिया। रक्षाबंधन से एक दिन पहले हुए हादसे ने एक परिवार की राखी के त्योहार की खुशियां मातम में बदल दीं। गुरुवार को गांव में रहने वाले 48 वर्षीय रोडमल भिलाला की घर में करंट लगने से जान चली गई। रोडमल के निधन की खबर लगते ही बहन अस्पताल पहुंची और वहां फूट-फूटकर रो पड़ीं। भाई की कलाई पर राखी बांधने की उम्मीद लगाए बैठी बहन के लिए यह हादसा जिंदगीभर का दर्द बन गया।

पंखा चलाने लगा रहे थे तार

भादाहेड़ी गांव के रहने वाले रोडमल भिलाला खेती करते थे। गुरुवार को वो खेत से चारा काटकर घर लौटे और गर्मी लगने के कारण घर के बाहर लगा पंखा चलाने के लिए बिजली का तार लगा रहे थे। इसी दौरान उन्हें करंट लग गया और वो बेसुधहोकर गिर पड़े। परिजन तुरंत रोडमल भिलाला को शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें: घंसौर में बाइक और ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत, 3 गंभीर घायल; जबलपुर रेफर

फूट-फूटकर रो पड़ी बहन

राखी से एक दिन पहले भाई के निधन की खबर मिलते ही रोडमल भिलाला की बहन राधाबाई अस्पताल पहुंचीं और फूट-फूटकर रो पड़ीं। ग्रामीणों के मुताबिक रोडमल भिलाला खेती-किसानी करते थे और गांव में पत्नी व दो बेटों के साथ रहते थे। उनका एक बेटा पीथमपुर में प्राइवेट नौकरी करता है जिसे घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को शव परिजनों को सौंप दिया, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से हर कोई हैरान है, पूरे गांव में शोक का माहौल है और सन्नाटा पसरा हुआ है। 

ये भी पढ़ें: हरदा में जर्जर मकान की दीवार भरभराकर गिरी, ऑटो-बाइक क्षतिग्रस्त; टला बड़ा हादसा

Ramesh Dangi
By Ramesh Dangi

Latest Posts