कवर्धा में जंगल के बीच सराफा व्यापारी से लूट, 6 बदमाशों ने डंडे से किया हमला,जेवर और नकदी लेकर फरार

रायपुर: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सराफा व्यापारी से लूट की वारदात सामने आई है। दलदली के साप्ताहिक बाजार से बाइक पर घर लौट रहे व्यापारी को तरेगांव और बैजलपुर के बीच घाटी में छह अज्ञात बदमाशों ने घेर लिया। दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे आरोपियों ने व्यापारी का बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर डंडे से हमला किया और चांदी के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। घटना तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
संबंधित खबर: VIDEO : आंखों में मिर्च डालकर व्यापारी से लूट, CCTV फुटेज में भागते नजर आए बदमाश
घाटी में घेराबंदी, विरोध किया तो डंडे से हमला
जानकारी के अनुसार, पांडातराई निवासी सराफा व्यापारी वेद प्रकाश सोनी दलदली में साप्ताहिक बाजार के बाद अपनी बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तरेगांव और बैजलपुर के बीच घाटी में दो बाइक पर सवार छह अज्ञात लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।
बैग छीनने की कोशिश, चांदी के जेवर और नकदी लूटी
आरोपियों ने व्यापारी के पास मौजूद बैग छीनने का प्रयास किया। व्यापारी के विरोध करने पर बदमाशों ने डंडे से हमला किया और जेवरात व नकदी लेकर मौके से भाग निकले। घटना के बाद व्यापारी ने पुलिस से शिकायत की। प्रारंभिक जानकारी में लूटे गए सामान की कीमत को लेकर करीब 50 लाख रुपये का दावा सामने आया था। हालांकि, एसडीओपी के बयान के मुताबिक, व्यापारी ने करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और 15 किलोग्राम से अधिक चांदी लूटे जाने की बात कही है। ऐसे में लूटे गए सामान की वास्तविक कीमत और कुल नुकसान का स्पष्ट आकलन जांच के बाद ही हो सकेगा।
FIR दर्ज, छह अज्ञात आरोपियों की तलाश
एसडीओपी अखिलेश कौशिक ने बताया कि मंगलवार को तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में पांडातराई निवासी वेद प्रकाश सोनी के साथ अज्ञात बाइक सवारों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। प्रार्थी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान, वारदात के घटनाक्रम और लूटे गए सामान की बरामदगी से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए जेवरात की बरामदगी को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बड़ा सवाल: जंगल की घाटी में कैसे हुई वारदात?
साप्ताहिक बाजार से लौट रहे व्यापारी को रास्ते में घेरकर लूटे जाने की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। अब जांच में यह पता लगाना अहम होगा कि आरोपियों ने व्यापारी को पहले से निशाना बनाया था या वारदात अचानक हुई। फिलहाल, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले की विस्तृत तस्वीर साफ हो सकेगी।




















