Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Gondhal: ऑस्कर में भारत की उम्मीद बनी 'गोंधल', ग्लोबल ट्रेलर रिलीज; 7 भाषाओं में दुनिया भर में होगी रिलीज

भारत की आधिकारिक ऑस्कर एंट्री मराठी फिल्म 'गोंधल' का ग्लोबल ट्रेलर रिलीज हो गया है। संतोष दावखर की यह मनोवैज्ञानिक थ्रिलर 13 नवंबर 2026 को हिंदी, मराठी समेत सात भाषाओं में दुनिया भर में रिलीज होगी। फिल्म में इशिता देशमुख, किशोर कदम और योगेश सोहनी अहम भूमिकाओं में हैं।
Gondhal: ऑस्कर में भारत की उम्मीद बनी 'गोंधल', ग्लोबल ट्रेलर रिलीज; 7 भाषाओं में दुनिया भर में होगी रिलीज

भारत की आधिकारिक ऑस्कर एंट्री फिल्म 'गोंधल' का ग्लोबल ट्रेलर रिलीज हो गया है। संतोष दावखर के निर्देशन में बनी यह मनोवैज्ञानिक थ्रिलर 13 नवंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि फिल्म हिंदी, मराठी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और अंग्रेजी समेत सात भाषाओं में दर्शकों तक पहुंचेगी। मेकर्स के मुताबिक, किसी मराठी फिल्म को पहली बार इस तरह सात भाषाओं में वैश्विक स्तर पर रिलीज किया जा रहा है। फिल्म को 99वें अकादमी पुरस्कारों की बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के तौर पर चुना गया है। इसका ट्रेलर महाराष्ट्र की सांस्कृतिक परंपराओं, रहस्यमयी घटनाओं और रिश्तों के बीच उलझती कहानी की झलक दिखाता है।

क्या है 'गोंधल' की कहानी?

महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत की पृष्ठभूमि पर बनी 'गोंधल' की कहानी सुमन और आनंद राव नाम के नवविवाहित जोड़े के इर्द-गिर्द घूमती है। उनकी जिंदगी में उस समय उथल-पुथल मच जाती है, जब निजी इच्छाएं, पारिवारिक जिम्मेदारियां और आस्था आपस में टकराने लगती हैं। एक ओर सुमन की अपनी ख्वाहिशें हैं, तो दूसरी ओर पति और परिवार के प्रति जिम्मेदारियां। इसी बीच कुछ रहस्यमयी घटनाएं कहानी को ऐसे मोड़ पर ले जाती हैं, जहां सच और भ्रम के बीच अंतर करना मुश्किल हो जाता है। ट्रेलर फिल्म के मनोवैज्ञानिक तनाव और सांस्कृतिक परिवेश की झलक पेश करता है।

7 भाषाओं में होगी दुनिया भर में रिलीज

'गोंधल' 13 नवंबर को भारत के साथ अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, दुबई और अफ्रीका सहित कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में रिलीज होगी। फिल्म को सात भाषाओं में रिलीज करने का मकसद क्षेत्रीय कहानी को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाना है। लेखक-निर्देशक संतोष दावखर का कहना है कि भारतीय सिनेमा की वैश्विक पहचान सिर्फ गरीबी और जातिगत संघर्षों से जुड़ी कहानियों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। भारत की सांस्कृतिक परंपराएं, लोकजीवन और पीढ़ियों से चली आ रही विरासत भी दुनिया के सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 'गोंधल' के जरिए वह महाराष्ट्र की एक सशक्त परंपरा को सांस्कृतिक प्रामाणिकता और सार्वभौमिक सिनेमाई भाषा के साथ वैश्विक पर्दे तक पहुंचाना चाहते हैं।

Entertainment

IFFI में जीत चुके हैं बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड

'गोंधल' के निर्देशक संतोष दावखर को 56वें अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म महोत्सव (IFFI) में बेस्ट डायरेक्टर के लिए सिल्वर पीकॉक पुरस्कार मिल चुका है। फिल्म की कहानी और निर्देशन की सराहना करते हुए जूरी ने इसे 'वास्तविक दुनिया में स्थापित शेक्सपियरियन गाथा' बताया था। फिल्म में इशिता देशमुख, किशोर कदम, योगेश सोहनी और निशाद भोईर अहम भूमिकाओं में हैं। इसे संतोष दावखर ने अपनी प्रोडक्शन कंपनी दावखर फिल्म्स की सह-संस्थापक दीक्षा दावखर के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी अमलेंदु चौधरी ने की है।

25 मिनट के सिंगल शॉट से शुरू होती है फिल्म

'गोंधल' की एक खास बात यह भी है कि इसकी शुरुआत 25 मिनट के एक निरंतर शॉट से होती है। फिल्म में दृश्य, ध्वनि, संगीत और अभिनय के जरिए महाराष्ट्र की सांस्कृतिक परंपराओं को कहानी का हिस्सा बनाया गया है। 99वें अकादमी पुरस्कारों के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि चुने जाने के बाद फिल्म को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्सुकता बढ़ी है। अब 13 नवंबर को इसकी वैश्विक रिलीज के साथ यह देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय संस्कृति से जुड़ी यह मराठी कहानी दुनिया भर के दर्शकों को कितना प्रभावित करती है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts