Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राजा अवस्थी से रावण बनने में लगते थे 4 घंटे, 'नई नवेली' के लिए आदिनाथ कोठारे ने की कड़ी मेहनत

फिल्म 'नई नवेली' में आदिनाथ कोठारे राजा अवस्थी और रावण के दो अलग किरदारों में नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने बताया कि 50 दिनों की शूटिंग में 20 दिन तक उन्हें रोजाना चार घंटे ट्रांसफॉर्मेशन में लगाने पड़ते थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो भी शेयर किया है।
राजा अवस्थी से रावण बनने में लगते थे 4 घंटे, 'नई नवेली' के लिए आदिनाथ कोठारे ने की कड़ी मेहनत

फिल्मों में कलाकारों का ट्रांसफॉर्मेशन अक्सर दर्शकों को हैरान कर देता है। ऐसा ही कुछ अभिनेता आदिनाथ कोठारे ने फिल्म 'नई नवेली' के लिए किया है। फिल्म में वह राजा अवस्थी और रावण जैसे दो बिल्कुल अलग किरदारों में नजर आ रहे हैं। इन दोनों किरदारों के बीच लुक और व्यक्तित्व का अंतर दिखाने के लिए आदिनाथ को रोजाना चार घंटे की ट्रांसफॉर्मेशन प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था।

अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो शेयर किया है, जिसमें उनके इस बदलाव की झलक दिखाई गई है। आदिनाथ के मुताबिक, फिल्म की 50 दिनों की शूटिंग में से 20 दिनों तक उन्हें रोजाना इस प्रक्रिया से गुजरना पड़ा।

राजा से रावण बनने का सफर आसान नहीं था

आदिनाथ कोठारे ने अपनी पोस्ट में बताया कि राजा अवस्थी से रावण बनने का अनुभव उनके करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण और संतोषजनक अनुभवों में से एक रहा। उन्होंने कहा कि एक ही फिल्म में दो बिल्कुल विपरीत व्यक्तित्व निभाने का मौका कम ही मिलता है। फिल्म में राजा एक आदर्श पारिवारिक इंसान है, जबकि रावण अहंकार, लालच और अत्याचार का प्रतीक है। इन दोनों किरदारों को पर्दे पर विश्वसनीय तरीके से उतारने के लिए उन्हें शारीरिक मेहनत के साथ मेकअप और ट्रांसफॉर्मेशन की लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा।

मेकअप और पूरी टीम की मेहनत से बदला लुक

आदिनाथ ने इस बदलाव का श्रेय फिल्म की मेकअप, कॉस्ट्यूम, एक्शन और निर्देशन टीम को दिया। उन्होंने अपने सह-कलाकारों का भी आभार जताया, जिन्होंने शूटिंग के दौरान उनका साथ दिया। अभिनेता ने निर्देशक एम. बालाजी, निर्माता आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा के साथ कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा का भी शुक्रिया अदा किया। आदिनाथ ने कहा कि इन सभी लोगों ने उन पर भरोसा जताया और उन्हें यह चुनौतीपूर्ण भूमिका निभाने का मौका दिया।

Invalid Instagram URL

'नई नवेली' में फैंटेसी और कॉमेडी का मेल

एम. बालाजी के निर्देशन में बनी 'नई नवेली' में यामी गौतम और आदिनाथ कोठारे के अलावा अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवर, सुनील शाइन, सुष्मिता मुखर्जी और मीता वशिष्ठ जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। फिल्म में फैंटेसी और कॉमेडी के साथ एक अलग तरह की कहानी पेश की गई है। फिल्म के तीसरे सप्ताह में भी सिनेमाघरों में प्रदर्शन जारी रहने के बीच आदिनाथ का यह वीडियो दर्शकों को पर्दे के पीछे कलाकारों की मेहनत दिखा रहा है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts