PM मोदी ने 'मन की बात' में सराहा बिहार म्यूजियम, दुनिया के टॉप-10 संग्रहालयों में बनाई जगह

बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर बड़ी पहचान मिली है। पटना स्थित बिहार म्यूजियम को दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की 2026 की सूची में नौवां स्थान मिला है। एशिया में इसे पहला स्थान दिया गया है। खास बात यह है कि इसने न्यूयॉर्क के मशहूर 'द मेट' और पेरिस के 'लूव्र म्यूजियम' को भी पीछे छोड़ दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 'मन की बात' के 140वें एपिसोड में बिहार म्यूजियम की इस उपलब्धि का जिक्र किया। हालांकि बिहार म्यूजियम की पहचान केवल इसकी अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग तक सीमित नहीं है। इसके पीछे बिहार की कला, इतिहास और संस्कृति को आधुनिक तरीके से दुनिया के सामने पेश करने की एक बड़ी परिकल्पना रही है। कभी पटना म्यूजियम में जगह की कमी के कारण शुरू हुआ यह विचार आज दुनिया के शीर्ष संग्रहालयों में अपनी जगह बना चुका है। बिहार म्यूजियम के महानिदेशक और बिहार के पूर्व प्रधान सचिव अंजनी कुमार सिंह ने 'द बिग पोस्ट' के खास कार्यक्रम में विवेक चंद्र से बातचीत में इस संग्रहालय की शुरुआत से लेकर इसकी परिकल्पना तक की कहानी साझा की।
पटना म्यूजियम में जगह की कमी से आया नए संग्रहालय का विचार
बिहार म्यूजियम बनाने का विचार पटना म्यूजियम में जगह की कमी के कारण आया था। पटना म्यूजियम में बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी बड़ी संख्या में कलाकृतियां और पुरावशेष मौजूद थे लेकिन पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण सभी को प्रदर्शित करना संभव नहीं था। शुरुआत में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना म्यूजियम के विस्तार का सुझाव दिया था। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक कलाकृतियों को लोगों के सामने लाना था। हालांकि बिहार की समृद्ध विरासत को व्यापक रूप से प्रदर्शित करने के लिए केवल पुराने संग्रहालय का विस्तार पर्याप्त नहीं माना गया। इसके बाद एक अलग और आधुनिक संग्रहालय बनाने का निर्णय लिया गया। साथ ही पटना म्यूजियम को भी बेहतर बनाने की योजना तैयार की गई।
अंग्रेजों के दौर के पुराने संग्रहालयों से अलग थी परिकल्पना
परियोजना पर काम शुरू हुआ तो यह महसूस किया गया कि देश में आधुनिक सोच और नई तकनीक के आधार पर तैयार संग्रहालयों की कमी है। अंग्रेजों के समय बने कई पुराने संग्रहालय मौजूद थे, लेकिन बदलते दौर के अनुरूप नए संग्रहालयों की जरूरत थी। बिहार का इतिहास मौर्य और गुप्त काल की विरासत से लेकर लोककलाओं तक फैला हुआ है। इस समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को देश और दुनिया के सामने नए अंदाज में प्रस्तुत करने के उद्देश्य से बिहार म्यूजियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने की योजना बनाई गई। इसके लिए वैश्विक स्तर पर निविदा जारी की गई और परियोजना में कंसेप्ट सलाहकारों तथा वास्तुकारों की सेवाएं ली गईं।
2013 में शुरू हुआ निर्माण, 2017 तक पूरी तरह संचालित हुआ
बिहार म्यूजियम का निर्माण अक्टूबर 2013 में शुरू हुआ था। इसके बाद वर्ष 2015 में इसकी कुछ दीर्घाएं आम लोगों के लिए खोल दी गईं। अक्टूबर 2017 तक संग्रहालय पूरी तरह संचालित हो गया। इसे इस तरह तैयार किया गया कि यहां आने वाले लोगों को बिहार के इतिहास और संस्कृति को समझने का आधुनिक अनुभव मिल सके।
लोककला से समकालीन कला तक, बिहार की विविध पहचान
बिहार म्यूजियम की खासियत यह है कि यहां केवल ऐतिहासिक वस्तुओं और पुरावशेषों को सहेजकर नहीं रखा गया है, बल्कि बिहार की कला, समाज और सांस्कृतिक पहचान के अलग-अलग पहलुओं को भी जगह दी गई है। अंजनी कुमार सिंह के अनुसार, संग्रहालय में बिहार की लोककलाओं, कला महाविद्यालयों और समकालीन कला से जुड़ी अलग-अलग दीर्घाएं बनाई गई हैं। इनके माध्यम से लोग बिहार की पारंपरिक कला के साथ आधुनिक कला को भी समझ सकते हैं। इस तरह संग्रहालय अतीत की विरासत के साथ वर्तमान की रचनात्मकता को भी सामने रखता है।
मॉरीशस से फिजी तक, प्रवासी बिहारियों की कहानी भी मौजूद
बिहार म्यूजियम में प्रवासी बिहारियों यानी डायस्पोरा की कहानी को भी शामिल किया गया है। मॉरीशस, गुयाना, फिजी और सूरीनाम जैसे देशों में बिहार से गए लोगों ने किस तरह अपना समाज और सांस्कृतिक पहचान बनाई, इसे भी यहां प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा बिहार के पारंपरिक खानपान से लोगों को परिचित कराने के लिए संग्रहालय में रेस्तरां की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य बिहार की संस्कृति को केवल ऐतिहासिक घटनाओं और वस्तुओं तक सीमित न रखकर लोगों के खानपान, जीवनशैली और परंपराओं के जरिए भी प्रस्तुत करना है।
बच्चों के लिए अलग दीर्घा, पुस्तकालय और लोककला की दुकान
संग्रहालय में बच्चों के लिए विशेष दीर्घा बनाई गई है। इसका उद्देश्य बच्चों को केवल पुरानी वस्तुओं की जानकारी देना नहीं बल्कि गतिविधियों और अनुभवों के माध्यम से उन्हें इतिहास और संस्कृति से जोड़ना है। इसके साथ ही यहां एक समृद्ध पुस्तकालय भी बनाया गया है, जहां अध्ययन और शोध के लिए सुविधाएं उपलब्ध हैं। बिहार की लोककलाओं को बढ़ावा देने के लिए संग्रहालय में एक दुकान की व्यवस्था भी की गई है। इन सभी सुविधाओं के जरिए इसे केवल घूमने-फिरने की जगह नहीं, बल्कि सीखने, शोध करने और सांस्कृतिक विरासत को समझने का केंद्र बनाने की कोशिश की गई है।
Mann Ki Baat 140th Episode: PM मोदी ने नशा मुक्त युवा अभियान, संचार साथी और भारतीय कला पर की बात
मोदी ने 'मन की बात' में भी किया उपलब्धि का जिक्र
दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की 2026 की सूची में नौवां स्थान मिलने के बाद बिहार म्यूजियम की उपलब्धि को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहा। उन्होंने 'मन की बात' के 140वें एपिसोड में भारत के संग्रहालयों से जुड़ी उत्साहजनक उपलब्धियों का जिक्र किया। इसमें बिहार म्यूजियम की अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग भी शामिल रही।




















