कटनी में भीषण सड़क हादसा:ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, दो युवकों की दर्दनाक मौत; 3 घायल

कटनी। चाका बायपास ओवरब्रिज के पास एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
शादी समारोह से लौट रहे थे सभी युवक
जानकारी के अनुसार कार क्रमांक यूपी 70 ईएच 2790 में पांच युवक सवार थे। सभी युवक एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद उत्तर प्रदेश के गोरखपुर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार कटनी के चाका बायपास ओवरब्रिज के पास पहुंची, तभी वाहन अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा समाई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
ये भी पढ़ें: Gold Silver Price Today: सोना ₹17 गिरकर ₹1.59 लाख के करीब, चांदी ₹2,623 टूटी; इस साल ₹26 हजार रुपए महंगा हुआ गोल्ड
कार के उड़े परखच्चे
भीषण टक्कर के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। कार में सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद एक युवक कार के मलबे में बुरी तरह फंस गया था। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
जिला अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान विवेक राजपूत (40 वर्ष, निवासी प्रयागराज), अमित सिंह (33 वर्ष, निवासी कुंडा प्रतापगढ़), प्रीतम शुक्ला निवासी गोरखपुर और सूर्यांश सेंगर के रूप में हुई है। सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अस्पताल में परिजनों के पहुंचने के बाद माहौल गमगीन हो गया।
ये भी पढ़ें: भोपाल: क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश; 7 गिरफ्तार
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन अनियंत्रित होना हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय चालक की स्थिति कैसी थी। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।












