दो साल से स्कूल भवन को तरस रहे बच्चे, पेड़ के नीचे लग रहीं कक्षाएं

केसली विकासखंड के ग्राम टेकापार और जोलनपुर में पिछले दो वर्षों से बच्चे शासकीय स्कूल भवन की सुविधा से वंचित हैं। टेकापार में कभी नीम के पेड़ के नीचे तो कभी ग्रामीणों के घर में पढ़ाई कराई जाती है, जबकि जोलनपुर में महज 10×15 फीट के कमरे में पहली से पांचवीं तक की कक्षाएं संचालित हो रही हैं। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षित स्कूल भवन की व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
दो साल से स्कूल भवन के बिना पढ़ रहे बच्चे
केसली विकासखंड के ग्राम टेकापार और जोलनपुर में पिछले दो वर्षों से बच्चों को शासकीय स्कूल भवन की सुविधा नहीं मिल पा रही है। सबसे पहले बात करते हैं ग्राम टेकापार की, जहां पिछले दो वर्षों से स्कूल की अपनी बिल्डिंग नहीं है और बच्चे भवन के अभाव में परेशानियों के बीच पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
कभी नीम के पेड़ के नीचे तो कभी घर में लगती हैं कक्षाएं
ग्राम टेकापार में हालात ऐसे हैं कि बच्चों को कभी नीम के पेड़ के नीचे तो कभी बारिश के मौसम में किसी ग्रामीण के घर में बैठाकर पढ़ाई करानी पड़ती है। शिक्षक का कहना है कि भवन नहीं होने के कारण स्कूल का संचालन करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
जोलनपुर में पंचायत के अतिरिक्त कक्ष में पढ़ाई
वहीं, ग्राम जोलनपुर में भी शिक्षा व्यवस्था की तस्वीर कुछ ऐसी ही नजर आती है। यहां शासकीय स्कूल भवन नहीं होने के कारण ग्राम पंचायत के अतिरिक्त कक्ष में बच्चों को पढ़ाया जा रहा है।
10×15 फीट के कमरे में पहली से पांचवीं तक की कक्षाएं
हैरानी की बात यह है कि जोलनपुर में महज 10×15 फीट के कमरे में पहली से पांचवीं तक की कक्षाएं संचालित हो रही हैं। अब सवाल यह है कि इतने छोटे कमरे में बच्चे आखिर कैसे बेहतर तरीके से पढ़ाई कर पाएंगे?
आदिवासी बच्चों की शिक्षा और भविष्य पर सवाल
एक तरफ सरकार आदिवासी बच्चों की शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ आदिवासी अंचल के इन बच्चों को पढ़ने के लिए एक सुरक्षित स्कूल भवन तक नसीब नहीं हो पा रहा है। जब शासन लाखों रुपये की लागत से सरकारी भवनों का निर्माण करा सकता है, तो फिर इन गांवों के बच्चों के लिए स्कूल भवन क्यों नहीं बन पा रहा?
ये भी पढ़ें: भोपाल के अस्पताल पर 8 माह के मासूम की मौत छिपाने का आरोप, शरीर फूलने और दुर्गंध आने पर परिजनों को चला पता
दो साल बाद भी स्थायी स्कूल भवन की व्यवस्था क्यों नहीं?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर दो साल बीत जाने के बाद भी किसी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि या अधिकारी ने इन बच्चों के लिए स्थायी स्कूल भवन की व्यवस्था क्यों नहीं की? क्या जिम्मेदार अधिकारी इन बच्चों की परेशानी से अनजान हैं या फिर इनकी शिक्षा प्राथमिकता में शामिल नहीं है? फिलहाल जरूरत है कि शासन-प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले और टेकापार और जोलनपुर में जल्द से जल्द स्कूल भवन निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाए।




















