Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भैरूंदा के 76 गांवों को मिलेगा नर्मदा का पानी, 536 करोड़ की सीप-अंबर सिंचाई परियोजना का 27 नवंबर को लोकार्पण

सीहोर के भैरूंदा में 536.23 करोड़ की सीप-अंबर परियोजना शुरू होगी। इससे 76 गांवों की 30,091 हेक्टेयर जमीन को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
भैरूंदा के 76 गांवों को मिलेगा नर्मदा का पानी, 536 करोड़ की सीप-अंबर सिंचाई परियोजना का 27 नवंबर को लोकार्पण

सीहोर। भैरूंदा विकासखंड के किसानों के लिए 27 नवंबर का दिन बड़ी सौगात लेकर आ रहा है। वर्षों से सिंचाई के लिए पानी की राह देख रहे क्षेत्र के 76 गांवों की कृषि भूमि तक अब नर्मदा का पानी पहुंचाने की तैयारी पूरी हो चुकी है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 536.23 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सीप-अंबर सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। परियोजना से 30 हजार 91 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही भैरूंदा विकासखंड में 41.44 करोड़ रुपये के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया जाएगा।

76 गांवों के किसानों को मिलेगी सीधी राहत

सीप-अंबर सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजना भैरूंदा क्षेत्र की कृषि व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बदलाव साबित हो सकती है। अब तक बारिश और उपलब्ध जल संसाधनों पर निर्भर रहने वाले किसानों को इस परियोजना से सिंचाई का वैकल्पिक और व्यवस्थित साधन मिलेगा। परियोजना के दोनों चरण पूरे होने के बाद 76 गांवों की कुल 30,091 हेक्टेयर भूमि सिंचाई के दायरे में आएगी। इससे किसानों को फसलों के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ाने और खेती का रकबा अधिक प्रभावी ढंग से उपयोग करने का अवसर मिलेगा।

फेज-1 में 47 गांवों की 15,284 हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित

सीप-अंबर परियोजना के प्रथम चरण में 47 गांवों की 15 हजार 284 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है। इस चरण पर 346.12 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। नर्मदा नदी से पानी का उद्वहन कर पंप हाउस और पाइपलाइन के माध्यम से खेतों तक पहुंचाने की व्यवस्था तैयार की गई है। इसके लिए 16.57 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है।

सीहोर में संविधान दिवस पर छात्राओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प, अधिकारों के साथ कर्तव्यों को निभाने का संदेश

फेज-2 में 29 गांवों तक पहुंचेगा पानी

परियोजना के दूसरे चरण में 29 गांवों की 14 हजार 807 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस चरण के लिए 190.11 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई थी। इसमें 24.09 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। दोनों चरणों को मिलाकर परियोजना की कुल लागत 536.23 करोड़ रुपये है। इस तरह भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों को एक बड़ी सिंचाई व्यवस्था से जोड़ने का लक्ष्य पूरा किया गया है।

खुली नहरों की जगह भूमिगत पाइपलाइन, पानी की बर्बादी पर लगेगी लगाम

इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता पारंपरिक खुली नहरों के बजाय आधुनिक भूमिगत दबावयुक्त पाइपलाइन तकनीक का इस्तेमाल है। नर्मदा नदी से पानी लिफ्ट कर पाइपलाइनों के जरिए खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इससे पानी के रिसाव और वाष्पीकरण के कारण होने वाली बर्बादी कम होगी। किसान निर्धारित तकनीकी व्यवस्था के अनुसार स्प्रिंकलर और ड्रिप सिस्टम के माध्यम से फसलों की सिंचाई कर सकेंगे। आधुनिक तकनीक से पानी का अधिक प्रभावी उपयोग संभव होगा।

36 महीने में पूरा हुआ निर्माण, पांच साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी

दोनों परियोजनाओं के निर्माण के लिए 36 महीने की समय-सीमा निर्धारित की गई थी और निर्धारित अवधि में काम पूरा कर लिया गया। फेज-1 का निर्माण रीवा की मेसर्स विजय कुमार मिश्रा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड तथा फेज-2 का निर्माण अहमदाबाद की एलसीसी प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने किया है। अनुबंध के अनुसार दोनों निर्माण एजेंसियों को आगामी पांच वर्षों तक परियोजनाओं के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।

PU Special : उप्र का 'फुलेरा' बनकर देशभर में छाया एमपी का 'महोड़िया', लेकिन पर्दे पर गांव का असली नाम नहीं आने की रह गई कसक

41.44 करोड़ के विकास कार्यों की भी मिलेगी सौगात

मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री सिंचाई परियोजना के लोकार्पण के साथ भैरूंदा विकासखंड में 41.44 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। इससे क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर बालागुरू के. ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पेयजल और साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। आमजन को कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रशासनिक अधिकारियों को व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

27 नवंबर को होने वाला यह कार्यक्रम भैरूंदा क्षेत्र के लिए केवल एक परियोजना का लोकार्पण नहीं, बल्कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब किसानों को उम्मीद है कि नर्मदा का पानी उनके खेतों तक पहुंचेगा और खेती की तस्वीर में वास्तविक बदलाव दिखाई देगा।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts