बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ने से कांपा कश्मीर, कई जगह माइनस में पहुंचा पारा, सफेद चादर से ढकीं वादियां

Follow on Google News
बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ने से कांपा कश्मीर, कई जगह माइनस में पहुंचा पारा, सफेद चादर से ढकीं वादियां
श्रीनगर। जम्मू- कश्मीर के पर्यटक स्थल पहलगाम का मंगलवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) ने मंगलवार को बताया कि श्रीनगर में सोमवार देर रात 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम है।

पहलगाम रहा सबसे ठंडा स्थान

पहलगाम सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां एक दिन पहले दर्ज किए गए शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले मंगलवार को रात का तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में रात के तापमान में थोड़ा सुधार हुआ, लेकिन मंगलवार यह अभी भी सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम यानी माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पर्यटक स्थल में एक दिन पहले तापमान शून्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया था। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम है।

कुपवाड़ा के तापमान में भी गिरावट

दक्षिण कश्मीर के पिकनिक स्थल कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस स्थान के लिए सामान्य है। कुपवाड़ा में तापमान में गिरावट देखी गई और पिछली रात न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। गुलमर्ग को छोड़कर, सोमवार को तेज धूप के बीच कश्मीर घाटी के सभी मौसम केंद्रों में दिन का तापमान सामान्य से 0 से एक डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया। कश्मीर घाटी में मौसम 23 नवंबर तक शुष्क बने रहने के आसार हैं।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts