Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जांजगीर के स्कूल में बच्चों से मजदूरी, झाड़ू लगवाई, दीवारों की दरारें भी भरवाईं वीडियो वायरल।

जांजगीर-चांपा के कोटमी सोनार स्थित सरकारी स्कूल का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें पहली से पांचवीं तक के बच्चे झाड़ू लगाते और दीवारों की दरारों में सीमेंट भरते दिखाई दे रहे हैं। अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जांजगीर के स्कूल में बच्चों से मजदूरी, झाड़ू लगवाई, दीवारों की दरारें भी भरवाईं वीडियो वायरल।

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के एक सरकारी स्कूल से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पहली से पांचवीं तक पढ़ने वाले छोटे बच्चों से पढ़ाई कराने के बजाय स्कूल की सफाई और दीवारों की मरम्मत कराई गई। वायरल वीडियो में बच्चे हाथों में झाड़ू लेकर कक्षाओं की सफाई करते और दीवारों की दरारों में सीमेंट भरते नजर आ रहे हैं। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई की बात कही है।

किताबों की जगह झाड़ू और सीमेंट, वायरल वीडियो ने खोली स्कूल की पोल

जांजगीर-चांपा जिले के कोटमी सोनार स्थित बाजार पारा शासकीय उच्चतर प्राथमिक शाला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्कूल के छोटे-छोटे बच्चे कक्षाओं में झाड़ू लगाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं कुछ बच्चे दीवारों में पड़ी दरारों को सीमेंट से भरकर मरम्मत करने की कोशिश कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो गांव के ही एक युवक ने बनाया था, जिसके सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

संबंधित खबर: जांजगीर में महिला आरक्षक का सफाई करते VIDEO वायरल, RI पर गंभीर आरोप,ASP ने मांगा जवाब

मासूमों के हाथों में सीमेंट, आखिर किसकी जिम्मेदारी?

वायरल वीडियो में बच्चे अपने हाथों से दीवारों की दरारों में सीमेंट लगाते नजर आ रहे हैं। स्कूल की सफाई से लेकर मरम्मत जैसे कामों में बच्चों को लगाया जाना अब चर्चा का विषय बन गया है। सवाल यह है कि स्कूल में भवन की मरम्मत और साफ-सफाई की जिम्मेदारी संबंधित व्यवस्था की है, तो फिर छोटे बच्चों से ये काम क्यों कराए गए? क्या स्कूल प्रबंधन को बच्चों की सुरक्षा और उनकी पढ़ाई की जिम्मेदारी का अहसास नहीं था?

अभिभावकों में नाराजगी, स्कूल प्रबंधन पर उठाए सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि बच्चों को स्कूल शिक्षा हासिल करने के लिए भेजा जाता है, न कि सफाई और निर्माण कार्य कराने के लिए। अभिभावकों ने सवाल उठाया है कि पहली से पांचवीं तक के बच्चों से दीवारों की मरम्मत जैसे काम कराना कहां तक उचित है। इस घटना ने सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

DEO ने लिया संज्ञान, जांच के बाद होगी कार्रवाई

मामले को जिला शिक्षा अधिकारी मनोहर प्रताप सिंह ने संज्ञान में लिया है। उन्होंने वायरल वीडियो के आधार पर जांच कराने की बात कही है। डीईओ के मुताबिक, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ न हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है।

संबंधित खबर: जांजगीर चांपा में शराब के नशे में स्कूल पहुंचे दो शिक्षक निलंबित

जांच में खुलेंगे कई सवालों के जवाब

फिलहाल पूरे मामले में जांच का इंतजार है। अब देखना होगा कि स्कूल में बच्चों से सफाई और दीवारों की मरम्मत किसके निर्देश पर कराई गई और इस मामले में जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts