Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ट्रंप ने Nvidia से की जेनसेन हुआंग को वापस CEO बनाने की अपील, बोले- उन्हें मिलना चाहिए एक और मौका

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने Nvidia के पूर्व CEO जेनसेन हुआंग का समर्थन करते हुए कंपनी से उन्हें दोबारा जिम्मेदारी सौंपने की अपील की है। ट्रंप ने हुआंग को प्रतिभाशाली बताते हुए कहा कि उन्हें अपनी गलतियों के लिए माफी मांगकर कंपनी में वापसी करनी चाहिए।
ट्रंप ने Nvidia से की जेनसेन हुआंग को वापस CEO बनाने की अपील, बोले- उन्हें मिलना चाहिए एक और मौका
डोनाल्ड ट्रंप।

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चिप निर्माता कंपनी Nvidia से उसके पूर्व CEO जेनसेन हुआंग को एक और मौका देने की अपील की है। ट्रंप का कहना है कि कंपनी को हुआंग की वापसी पर विचार करना चाहिए। हुआंग ने एक्ट्रामेरिटल अफेयर संबंधों से जुड़े विवाद के बाद अपने पद से इस्तीफा दिया था। इन संबंधों में एक चीनी जासूस का नाम भी सामने आया है। ट्रंप ने कहा कि वह जेनसेन हुआंग को दोबारा कंपनी की कमान संभालते देखना चाहेंगे। उन्होंने हुआंग को दुनिया के सबसे प्रतिभाशाली लोगों में से एक बताते हुए कहा कि उनके जैसा व्यक्ति आखिर कहां जाएगा। ट्रंप ने आगे कहा कि हुआंग को अपनी गलतियों के बावजूद एक और अवसर मिलना चाहिए।

यह भी पढ़ें: भारत की तारीफ करते हुए ट्रंप ने फेड को घेरा, बोले- ब्याज दरें घटें तो अमेरिका की GDP 20% तक पहुंचेगी!

इधर, ट्रंप ने हॉवर्ड लटनिक का किया बचाव

Nvidia की एडवांस्ड चिप्स के निर्यात पर लगे नियंत्रण को लेकर अमेरिकी प्रशासन की आलोचना के बीच ट्रंप ने वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक का समर्थन किया है। ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने मीडिया को दिए इंटरव्यू में संकेत दिया था कि वाणिज्य विभाग ने उन्नत सेमीकंडक्टर चिप्स तक पहुंच को नियंत्रित करने के मामले में पर्याप्त सख्ती नहीं दिखाई। जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उनका हॉवर्ड लटनिक पर भरोसा कम हुआ है, तो उन्होंने इस संभावना को खारिज कर दिया कि लटनिक को पद से हटाया जा सकता है। ट्रंप ने कहा कि उनका लटनिक पर भरोसा कायम है। उन्होंने लटनिक को अलग तरह का व्यक्ति बताते हुए कहा कि वह एक जन्मजात कारोबारी हैं।

यह भी पढ़ें: जेन्सेन हुआंग विवाद पर ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- चीन की खूबसूरत महिलाओं को जासूस मान लेते हैं लोग

Nvidia और AI इंडस्ट्री में हुआंग के इस्तीफे से हलचल

Nvidia मौजूदा समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण कंपनियों में शामिल है। ऐसे में कंपनी के प्रमुख जेनसेन हुआंग के पिछले सप्ताह इस्तीफे की खबर ने टेक्नोलॉजी जगत में हलचल पैदा कर दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक हुआंग के पद छोड़ने के पीछे एक चीनी जासूस के साथ उनके संबंधों का मामला बताया जा रहा है। यह भी आशंका जताई गई है कि इन संपर्कों के जरिए प्रतिबंधित सेमीकंडक्टर चिप्स चीन तक पहुंचाई गई होंगी। पहली रिपोर्ट सामने आने के बाद ऐसे कम से कम दो अन्य मामलों की जानकारी भी सामने आई। बताया जा रहा है कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को चीनी जासूसी से जुड़ी संभावनाओं की जानकारी पहले से थी।

ट्रंप ने हुआंग को माफी मांगकर लौटने की दी सलाह

डोनाल्ड ट्रंप ने जेनसेन हुआंग का बचाव करते हुए उन्हें एक अच्छा व्यक्ति बताया। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि हुआंग से कुछ गलत फैसले हुए हैं। ट्रंप के मुताबिक, हुआंग को सार्वजनिक रूप से अपनी गलतियों के लिए माफी मांगनी चाहिए और फिर Nvidia में वापस आना चाहिए। उन्होंने कहा कि हुआंग ने कंपनी के Blackwell चिप प्लेटफॉर्म के जरिए कुछ बेहद खास तैयार किया है। Blackwell Nvidia की ओर से विकसित की गई उसकी सबसे उन्नत चिप टेक्नोलॉजी में से एक है।

जिनपिंग से हुआंग पर चर्चा को लेकर ट्रंप का दावा

ट्रंप ने अपने ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट के बयान से अलग दावा करते हुए कहा कि उन्होंने इस सप्ताह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ हुई शिखर वार्ता में जेनसेन हुआंग का मुद्दा उठाया था। इससे पहले स्कॉट बेसेंट ने कहा था कि शेन्ज़ेन में हुई बैठक के दौरान ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच हुआंग को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई थी।

Nvidia बोर्ड ने वापसी का प्रस्ताव किया खारिज

जेनसेन हुआंग ने कथित तौर पर Nvidia में दोबारा लौटने की इच्छा जताई थी, लेकिन कंपनी के बोर्ड ने उनकी पेशकश स्वीकार नहीं की। Nvidia के चेयरमैन हार्वे जोन्स ने इस सप्ताह आयोजित अर्निंग्स कॉल के दौरान बोर्ड का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि बोर्ड ने सर्वसम्मति से हुआंग का इस्तीफा स्वीकार किया है और उन्हें दोबारा CEO बनाने की कोई योजना नहीं है। इस बयान से स्पष्ट हो गया कि फिलहाल Nvidia का बोर्ड नेतृत्व में बदलाव के अपने फैसले पर कायम है।

अमेरिका और चीन के बीच AI की प्रतिस्पर्धा पर बेसेंट का जोर

इससे पहले अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने CNBC को दिए इंटरव्यू में अमेरिका और चीन के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती प्रतिस्पर्धा पर अपनी बात रखी थी। अमेरिका के घरेलू AI उद्योग को बढ़ावा देने की ट्रंप प्रशासन की नीति का जिक्र करते हुए बेसेंट ने कहा कि इस तकनीक में अमेरिका को चीन से अपनी बढ़त बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विदेशी सुपर इंटेलिजेंस (SI) और बाहरी ताकतों के संभावित दुरुपयोग से बचने का सबसे प्रभावी तरीका अमेरिकी AI लैब्स की तकनीकी बढ़त को बरकरार रखना है। उनके अनुसार, यही प्रयोगशालाएं सुपर इंटेलिजेंस के संभावित खतरों के खिलाफ अमेरिका की सुरक्षा का आधार हैं।

 

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts