पेरू में 6.7 तीव्रता का भीषण भूकंप, राजधानी लीमा तक महसूस हुए झटके; घरों से बाहर निकले लोग

पेरू में शुक्रवार शाम भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.7 मापी गई। राजधानी लीमा में भी झटके महसूस किए गए, जिसके बाद लोग डर के मारे घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में शुक्रवार शाम शक्तिशाली भूकंप आया। भूकंप का केंद्र कारहुआमायो से करीब 9 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। पेरू के जियोफिजिक्स इंस्टीट्यूट के मुताबिक, भूकंप एंडियन क्षेत्र के जुनिन में जमीन से 129 किलोमीटर की गहराई पर आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इसकी तीव्रता 6.7 बताई, जबकि जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) ने इसे 6.8 मैग्नीट्यूड का बताया है।
लीमा में दहशत, घरों और दुकानों से बाहर निकले लोग
भूकंप के झटके राजधानी लीमा तक महसूस किए गए। डर के कारण लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। यहां तक कि संसद भवन में मौजूद सांसदों को भी कांग्रेस से बाहर आते देखा गया। कुछ निजी स्वास्थ्य केंद्रों के मेडिकल स्टाफ ने भी एहतियात के तौर पर इमारतों से बाहर आकर सड़कों पर समय बिताया। एक टीवी चैनल पर समाचार प्रसारण के दौरान भी भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे वहां मौजूद कर्मचारी घबरा गए। हालांकि, कुछ समय बाद शहर में स्थिति सामान्य हो गई।
सुनामी का खतरा नहीं, अधिकारियों ने दी राहत
भूकंप के बाद सुनामी की आशंका को लेकर भी जानकारी सामने आई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस भूकंप से सुनामी का कोई खतरा नहीं है। अमेरिका के राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र के मुताबिक, कैलिफोर्निया, ओरेगन, वॉशिंगटन, ब्रिटिश कोलंबिया और अलास्का के लिए भी सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
अल नीनो के बीच पेरू में अलर्ट
पेरू में अल नीनो के प्रभाव को देखते हुए पहले से सतर्कता बरती जा रही है। संभावित प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए देश में समय-समय पर मॉक ड्रिल भी आयोजित की जाती रही हैं। हाल ही में दो सप्ताह पहले 'जिरोन ज़वाला' में भी ऐसा ही अभ्यास किया गया था। फिलहाल भूकंप के बाद हालात सामान्य बताए जा रहे हैं। अधिकारियों की ओर से नुकसान का आकलन और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।




















