MP के 50 जिला अस्पतालों में जन-औषधि केंद्रों का शुभारंभ, CM बोले- स्टार रेटिंग के हिसाब से सफाई मित्रों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

भोपाल। राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री जन-औषधि केंद्रों का शुभारंभ किया। जन-औषधि केंद्रों का संचालन रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा किया जाएगा। इन केंद्रों पर लोगों को गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां बेहद सस्ती कीमतों में उपलब्ध होंगी।
इसी कार्यक्रम के दौरान सीएम डॉ. यादव ने स्वच्छता से सेवा पखवाड़े का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि कचरा मुक्त शहर के आधार पर सफाई कर्मियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और सीएम ने सिंगल क्लिक से राशि खातों में ट्रांसफर की। कार्यक्रम में भोपाल को स्वच्छता सर्वेक्षण में 5 स्टार रेटिंग मिलने पर नगर निगम के 8,117 सफाई मित्रों को 5-5 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई।
देखें वीडियो...
देखें वीडियो...
मुख्यमंत्री ने की स्वच्छता अभियान में शामिल होने की अपील
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 74वें जन्मदिन के अवसर पर आज भोपाल में आयोजित सफाई मित्रों के सम्मेलन में सहभागिता कर 'स्वच्छता ही सेवा-2024 पखवाड़ा' का शुभांरभ किया। कार्यक्रम में सफाई मित्रों और स्वच्छता चैंपियन्स को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। मुझे बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि गत वर्षों में भोपाल के सफाई मित्रों को स्वच्छता सर्वेक्षण में 5 स्टार रेटिंग प्राप्त होने के उपलक्ष्य में प्रत्येक सफाई मित्र को 5,000 मान राशि प्रोत्साहन स्वरूप देने के लिए नगर पालिक निगम, भोपाल के खाते में धनराशि अंतरित की गई। इस अवसर पर 'स्वस्थ व समर्थ मध्यप्रदेश' की दिशा में एक और महत्त्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए आमजन को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण जेनरिक दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य के साथ 50 जिला अस्पतालों में स्थापित 'प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों' का भी शुभांरभ किया। आप सभी से मेरी अपील है कि आज से शुरू हो रहे स्वच्छता अभियान में सहभाग कर प्रदेश की समृद्धि में अपना योगदान अवश्य सुनिश्चित करें।
स्टार रेटिंग के हिसाब से मिलेगी प्रोत्साहन राशि
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कचरा मुक्त शहर के मामले में स्टार मिलने के आधार पर सफाई मित्रों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। जिस निकाय को जितने स्टार मिलेंगे, उसमें कार्यरत उतने हजार रुपए की राशि दी जाएगी यानी एक स्टार हासिल करने वाले निकाय को एक-एक हजार, दो, तीन स्टार से लेकर 5 स्तर और 7 स्टार तक प्राप्त कर सकते हैं। 7 स्टार वालों को 7 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।





















