Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जम्मू-कश्मीर के डोडा में बादल फटा :भारी बारिश से मची तबाही, फसलें बर्बाद; कई सड़कें बंद

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बादल फटने और भारी बारिश से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। फसलें, बाग-बगीचे और मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई सड़कें बंद होने से जनजीवन प्रभावित हुआ, जबकि प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।
भारी बारिश से मची तबाही, फसलें बर्बाद; कई सड़कें बंद

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश और बादल फटने की घटना के बाद जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। कई इलाकों में अचानक आई बाढ़ से फसलें, बाग-बगीचे और लोगों की निजी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

भलेसा के खलजुगासर में बादल फटा

डोडा जिले के भलेसा के खलजुगासर इलाके में बादल फटने के बाद अचानक बाढ़ आ गई। तेज बहाव की वजह से किसानों की खेती बर्बाद हो गई। खेतों में खड़ी फसलें बह गईं, जबकि फलदार बाग-बगीचों को भी भारी नुकसान पहुंचा। कई मकान और अन्य निजी संपत्तियां भी इस आपदा की चपेट में आ गईं।

कई सड़कें बंद, इलाके का संपर्क टूटा

लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जिले की कई प्रमुख सड़कें बंद हो गईं। इससे भलेसा का भट्यास इलाका कई घंटों तक दूसरे क्षेत्रों से पूरी तरह कट गया। सड़कें बंद होने से लोगों को आने-जाने और जरूरी सामान पहुंचाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

कश्तीगढ़ में भी अचानक बाढ़ जैसे हालात

डोडा के कश्तीगढ़ इलाके में भी मूसलाधार बारिश के बाद अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। राहत की बात यह है कि अब तक इस इलाके से किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।

Twitter Post

जल स्रोत उफान पर, निचले इलाकों में भरा पानी

बादल फटने और लगातार बारिश के कारण कई नाले और जल स्रोत उफान पर आ गए। इससे निचले इलाकों में पानी भर गया और कई जगह मिट्टी का कटाव भी हुआ। सड़कें बंद होने से जरूरी सेवाएं भी प्रभावित हुईं, जिससे स्थानीय लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है।

राहत और बचाव कार्य जारी

प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। बंद सड़कों को जल्द से जल्द खोलने के लिए मशीनें लगाई गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts