Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जबलपुर:शादी के दो दिन बाद दुल्हन गायब, प्रेमी संग भागी; गहने भी ले गई

मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज दो दिन बाद एक नवविवाहिता अचानक लापता हो गई। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी ब्यूटी पार्लर जाने का बहाना बनाकर घर से निकली और फिर वापस नहीं लौटी। परिवार ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस की मदद ली है।
शादी के दो दिन बाद दुल्हन गायब, प्रेमी संग भागी; गहने भी ले गई
शादी के दो दिन बाद दुल्हन गायब

जबलपुर। पीड़ित पति का दावा है कि उसकी पत्नी करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सोने के जेवर पहनकर घर से निकली थी और उसे संदेह है कि वह अपने प्रेमी के साथ चली गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों और अन्य कड़ियों की जांच की जा रही है। 

दो दिन भी नहीं रुकी दुल्हन 

पीड़ित गौतम यादव ने बताया कि 21 जून को उसकी शादी हुई थी और 22 जून को दुल्हन की विदाई के बाद वह उसे अपने घर लेकर आया। परिवार में नई शुरुआत को लेकर उत्साह का माहौल था। 23 जून को दोनों एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल हुए और अगले दिन धार्मिक दर्शन के साथ शादी की तस्वीरें खिंचवाने की योजना बनाई गई। किसी को अंदाजा नहीं था कि यही दिन पूरे परिवार की चिंता का कारण बन जाएगा।

ये भी पढ़ें: रेवाड़ी: पत्नी ने प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश, पति की हत्या कर नहर में फेंका शव

ब्यूटी पार्लर जाने की बात कहकर हुई गायब

गौतम के अनुसार, वह अपनी पत्नी के साथ फोटो स्टूडियो पहुंचा था। इसी दौरान पत्नी ने कहा कि वह पहले पास के ब्यूटी पार्लर में तैयार होकर आएगी, उसके बाद दोनों फोटोशूट कराएंगे। पति ने साथ चलने की इच्छा जताई, लेकिन पत्नी ने कुछ ही मिनट में लौटने की बात कहकर उसे बाहर इंतजार करने के लिए मना लिया। गौतम पास की दुकान पर बैठकर इंतजार करता रहा, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी पत्नी वापस नहीं लौटी।

Breaking News

परिजनों ने की तलाश, नहीं मिला कोई सुराग

जब काफी देर तक पत्नी का कोई पता नहीं चला तो गौतम ने पहले ब्यूटी पार्लर और आसपास के इलाके में उसकी तलाश की। इसके बाद उसने ससुराल पक्ष से संपर्क किया, लेकिन वहां भी किसी को उसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। लगातार खोजबीन के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार की चिंता बढ़ गई। आखिरकार पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी गई और शिकायत दर्ज कराई गई।

ये भी पढ़ें: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार इंदौर पहुंचे: बोले- लोकतंत्र की असली ताकत हैं बीएलओ

पति ने लगाए ज्वेलरी लेकर प्रेमी संग जाने के आरोप

पीड़ित का आरोप है कि उसकी पत्नी करीब 12 नग सोने के जेवर पहनकर घर से निकली थी, जिनकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये है। गौतम का कहना है कि उसे शक है कि उसकी पत्नी पहले से किसी अन्य युवक के संपर्क में थी और उसी के साथ चली गई है। हालांकि, इन आरोपों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर रही है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी 

पुलिस के मुताबिक पति की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस महिला के संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला अपनी मर्जी से गई है या उसके गायब होने के पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts