जबलपुर के भंवरताल पार्क में बढ़ी झाड़ियां, लोगों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

जबलपुर। शहर के प्रमुख भंवरताल उद्यान में इन दिनों झाड़ियों और बड़ी घास के बढ़ने से पार्क की सुंदरता के साथ लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। उद्यान की चारों तरफ की दीवार से लगी झाड़ियां और घास कई जगह काफी घनी हो गई हैं। कुछ हिस्सों में झाड़ियों के बीच का स्थान दिखाई तक नहीं देता।
झाड़ियों में जीव-जंतुओं के छिपने की आशंका
भंवरताल उद्यान में रोज सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग टहलने और व्यायाम करने पहुंचते हैं। इनमें बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल होते हैं। ऐसे में दीवार से लगी घनी झाड़ियों और घास के कारण लोगों को परेशानी हो सकती है। नागरिकों का कहना है कि इन जगहों पर जीव-जंतुओं के छिपे होने की आशंका बनी रहती है।
घास और झाड़ियों के घने होने से जमीन और आसपास का हिस्सा भी साफ नजर नहीं आता। बच्चों के पार्क में अलग-अलग जगह घूमने और खेलने के कारण यह स्थिति सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय बन रही है।
उद्यान अधिकारी से सफाई कराने की मांग
नागरिकों ने उद्यान अधिकारी का ध्यान इस समस्या की ओर दिलाते हुए जल्द सफाई कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पार्क की दीवार से लगी झाड़ियों और बड़ी घास की नियमित कटाई कराई जानी चाहिए। खासतौर पर उन हिस्सों की सफाई जरूरी है, जहां झाड़ियां और घास ज्यादा घनी हो गई हैं। नागरिकों के मुताबिक, सफाई होने से पार्क की सुंदरता बढ़ने के साथ लोगों को सैर और व्यायाम के लिए बेहतर और सुरक्षित माहौल भी मिलेगा।
नियमित सफाई की जरूरत
लोगों का कहना है कि किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय पार्क में नियमित निगरानी और सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए। समय-समय पर घास और झाड़ियों की कटाई होने से जीव-जंतुओं के छिपने की संभावना वाले स्थान भी कम होंगे। नागरिकों ने उद्यान प्रबंधन से भंवरताल उद्यान की सफाई को प्राथमिकता देते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।




















