जबलपुर के अमित को राष्ट्रपति भवन से बुलावा:15 अगस्त पर राष्ट्रपति मुर्मु करेंगी सम्मानित, साथ करेंगे लंच

जबलपुर के रहने वाले अमित कुमार के लिए यह पल जिंदगी का सबसे खास मौका बन गया है। अटल पेंशन योजना में नियमित योगदान और अनुशासित निवेश के लिए उनका चयन देशभर के उन 10 लोगों में हुआ है जिन्हें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रपति भवन में विशेष सम्मान दिया जाएगा। 15 अगस्त को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अमित कुमार को सम्मानित करेंगी। इतना ही नहीं, उन्हें राष्ट्रपति के साथ भोज (लंच) के लिए भी आमंत्रित किया गया है। राष्ट्रपति भवन से मिले इस विशेष निमंत्रण के बाद अमित और उनके परिवार में खुशी का माहौल है।
2018 से लगातार जमा कर रहे हैं पेंशन योजना की किस्त
जबलपुर के रांझी स्थित बापू नगर निवासी 38 वर्षीय अमित कुमार ने साल 2018 में अटल पेंशन योजना में अपना पंजीयन कराया था। इसके बाद से वह हर महीने बिना किसी देरी के नियमित रूप से योजना की किस्त जमा कर रहे हैं। अमित हर महीने सिर्फ 130 रुपये का प्रीमियम जमा करते हैं। उनकी इसी नियमितता और वित्तीय अनुशासन को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें सम्मान के लिए चुना है। अटल पेंशन योजना के तहत 60 वर्ष की उम्र पूरी होने के बाद अमित को हर महीने 3 हजार रुपये की पेंशन मिलेगी।
डाक विभाग के अधिकारियों ने घर पहुंचकर दिया निमंत्रण
अमित को राष्ट्रपति भवन से आए विशेष निमंत्रण की जानकारी शुक्रवार को मिली। वह अपने घर पर थे, तभी खमरिया डाकघर से उन्हें फोन आया। इसके बाद डाक विभाग के अधिकारियों ने उनका पता सत्यापित किया और कुछ समय बाद डाक अधीक्षक और पोस्टमैन अमित के घर पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रपति भवन की ओर से भेजा गया आधिकारिक आमंत्रण पत्र उन्हें सौंपा। निमंत्रण पत्र मिलने के साथ ही अमित को दिल्ली आने-जाने की हवाई यात्रा, राष्ट्रपति भवन में प्रवेश पास, एक दिन ठहरने की व्यवस्था और स्मृति उपहार की सुविधा भी दी गई है।
करोड़ों लोगों में चयन होना मेरे लिए गर्व की बात: अमित
राष्ट्रपति भवन से निमंत्रण मिलने के बाद अमित कुमार ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि शुरुआत में उन्हें इस बात पर विश्वास ही नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भवन का बुलावा मिलना उनके लिए किसी सपने जैसा है। करोड़ों लोगों के बीच उनका चयन होना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। अमित ने कहा मैं एक मध्यमवर्गीय परिवार से हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि राष्ट्रपति से मिलने और उनके हाथों सम्मानित होने का मौका मिलेगा। इसके लिए मैं श्रम विभाग और भारत सरकार का आभारी हूं।
परिवार और शहर में खुशी का माहौल
अमित कुमार को राष्ट्रपति भवन से मिले इस सम्मान की खबर जैसे ही परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंची, सभी में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार, रिश्तेदार और पड़ोसी इसे जबलपुर के लिए गर्व का पल बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि अमित की मेहनत, नियमितता और बचत की आदत ने उन्हें यह खास पहचान दिलाई है।
ये भी पढ़ें: बंगाल STF की बड़ी कार्रवाई... जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी संदिग्ध कॉलेज छात्रा गिरफ्तार, हनीट्रैप में जुड़े होने का दावा
अटल पेंशन योजना में अनुशासन का मिला सम्मान
अमित का चयन यह दिखाता है कि छोटी-छोटी बचत और नियमित निवेश भविष्य को सुरक्षित बनाने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। अटल पेंशन योजना का उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के लोगों को वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा देना है। अमित ने वर्षों तक बिना किसी चूक के योगदान देकर इस योजना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा रहा है।












