कोरोना पॉजिटिव हुए कुमार सानू के बेटे जान कुमार सानू, अस्पताल में भर्ती; वीडियो शेयर कर दी स्वास्थ्य की जानकारी

मशहूर पार्श्व गायक कुमार सानू के बेटे और 'बिग बॉस' के पूर्व प्रतियोगी जान कुमार सानू कोरोना संक्रमित हो गए हैं। कोविड-19 की पुष्टि होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इसकी जानकारी उन्होंने रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए दी। जान कुमार सानू ने अस्पताल से एक वीडियो साझा किया जिसमें उन्होंने अपनी सेहत को लेकर अपडेट देते हुए अपने अंदाज में मजाकिया टिप्पणी भी की। हालांकि उनके कोरोना संक्रमित होने की खबर सामने आने के बाद प्रशंसकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
अस्पताल से वीडियो शेयर कर दी जानकारी
अस्पताल में भर्ती जान कुमार सानू ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा चीन से आया मेरा दोस्त... कोविड को सलाम करो। फिट चेक... आज मैंने अपने पसंदीदा डिजाइनर 'कोकिलाबेन' का आउटफिट पहना है। वुहान वाले कोविड की वजह से अस्पताल में भर्ती हूं। उनकी इस पोस्ट में भले ही हास्य का अंदाज दिखा लेकिन कोविड संक्रमण की पुष्टि के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने चिंता जताई और जल्द ठीक होने की शुभकामनाएं दीं।
देश के कई राज्यों में फिर सामने आ रहे कोविड के मामले
जान कुमार सानू ऐसे समय कोरोना संक्रमित हुए हैं जब देश के कई हिस्सों में कोविड-19 के नए मामले सामने आ रहे हैं। हाल ही में आंध्र प्रदेश सहित कुछ राज्यों में संक्रमण के नए केस दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील कर रहा है।
ये भी पढ़ें: Bollywood: बायोपिक ‘अमरी’ में दिखेंगी प्रियंका, कैमियो से बढ़ेगा फिल्म का क्रेज
कौन हैं जान कुमार सानू?
जान कुमार सानू प्रसिद्ध गायक कुमार सानू और उनकी पहली पत्नी रीटा भट्टाचार्या के बेटे हैं। वह रियलिटी शो Bigg Boss में हिस्सा लेने के बाद सुर्खियों में आए थे। इसके अलावा उन्होंने संगीत की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश की है।
ये भी पढ़ें: Bollywood: ‘रागिनी MMS 3’ में हुई आयुष शर्मा की एंट्री, तमन्ना भाटिया संग करेंगे रोमांस
पिता के साथ रिश्तों को लेकर रहे हैं चर्चा में
जान कुमार सानू पहले भी अपने पिता कुमार सानू के साथ रिश्तों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। उन्होंने 'बिग बॉस' के दौरान दावा किया था कि उनके पिता ने उनके करियर में कभी मदद नहीं की। हालांक, कुमार सानू ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा था कि उन्होंने बेटे को काम दिलाने की पूरी कोशिश की थी। जान का कहना रहा है कि उनके माता-पिता उस समय अलग हो गए थे जब उनकी मां गर्भवती थीं। उनका पालन-पोषण उनकी मां ने अकेले किया। बावजूद इसके, उन्होंने कई बार कहा है कि व्यक्तिगत मतभेद अपनी जगह हैं लेकिन कुमार सानू उनके जैविक पिता हैं और इस रिश्ते का सम्मान हमेशा रहेगा। अब उनके कोरोना संक्रमित होने की खबर के बाद प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की दुआ कर रहे हैं।












