ISRO के नाम एक और सफलता : सिंगापुर के 7 सैटेलाइट्स एक साथ किए लॉन्च, 360 किलो वजन वाला DS-SAR भी शामिल

श्रीहरिकोटा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने रविवार (30 जुलाई) को एक साथ सात सैटेलाइट्स को लॉन्च किया। इनमें 1 स्वदेशी और सिंगापुर के छह सैटेलाइट शामिल हैं। भेजे गए सात सैटेलाइटों में सबसे अहम 360 किलो का DS-SAR सैटेलाइट है। यह लॉन्चिंग सुबह 6.30 बजे 44.4 मीटर लंबे PSLV-C56 रॉकेट से की गई है। PSLV की यह 58वीं उड़ान है।
यह 7 सैटेलाइट हुए लॉन्च
- DS-SAR : सिंगापुर का यह उपग्रह सिंथेटिक अपर्चर रडार (सार) उपकरण से युक्त है। इसमें ‘इजराइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज’ (IAI) के डेवलप किए गए ‘सिंथेटिक अपर्चर रडार’ (SAR) पेलोड हैं।
- VELOX-AM : यह 23 किलोग्राम का टेक्नोलॉजी डिमॉन्स्ट्रेटर माइक्रोसैटेलाइट है।
- SCOOB-II : यह एक 3U नैनोसैटेलाइट है, ताकि एक खास तरह के टेक्नोलॉजी डिमॉन्स्ट्रेशन का टेस्ट किया जा सके।
- ARCADE : यह भी एक प्रायोगिक सैटेलाइट है।
- Galassia-2 : यह भी एक 3U नैनोसैटेलाइट है, जिसे धरती की निचली कक्षा में स्थापित किया जाएगा।
- NuLIoN : यह एक अत्याधुनिक 3U नैनोसैटेलाइट है। इसके जरिए बिना किसी बाधा के शहरों और सुदूर इलाकों में इंटरनेट ऑफ थिंग्स की सुविधा प्रदान की जाएगी।
- ORB-12 STRIDER : यह इंटरनेशनल कोलैबोरेशन के तहत बनी सैटेलाइट है। सिंगापुर की एलियेना पीटीई लिमिटेड कंपनी ने इसे बनाया है।




















