Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

‘तुरंत छोड़ दें लेबनान...’ इजराइल-हिजबुल्लाह में जंग के बीच बढ़ते तनाव के बाद भारतीय दूतावास की एडवाइजरी, हेल्पलाइन नंबर जारी

Follow on Google News
‘तुरंत छोड़ दें लेबनान...’ इजराइल-हिजबुल्लाह में जंग के बीच बढ़ते तनाव के बाद भारतीय दूतावास की एडवाइजरी, हेल्पलाइन नंबर जारी
लेबनान और इजराइल में जंग के बीच बढ़ते तनाव के बाद भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी की है। खराब हालातों को देखते हुए भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे अपने नागरिकों को देश छोड़ने के लिए कहा है। इसके अलावा अगली सूचना तक लेबनान की यात्रा न करने की सलाह भी दी है। उन्होंने लोगों को बेहद सतर्क रहने और दूतावास के संपर्क में रहने की सलाह दी है, जो बिगड़ते हालात के बीच भी यहां रहना चाहते हैं। उन्होंने लोगों की मदद के लिए एक नंबर भी जारी किया है।

भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

  • भारत ने बढ़ती हिंसा के बीच भारतीय नागरिकों से लेबनान की यात्रा से बचने का आग्रह किया है और वहां मौजूद लोगों को अत्यधिक सावधानी बरतने तथा जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है।
  • संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों से संबंधित कार्यालय ने बुधवार को कहा था कि लगभग एक साल पहले हिजबुल्लाह द्वारा उत्तरी इजराइल पर रॉकेट दागने और इजराइल की जवाबी कार्रवाई के बाद लेबनान में 20 हजार लोग विस्थापित हुए हैं।
  • लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, बुधवार को इजराइली हमलों में 51 लोग मारे गए और 223 घायल हुए।
  • लेबनान की राजधानी बेरूत में स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर पोस्ट किए गए परामर्श में कहा- एक अगस्त 2024 को जारी परामर्श के पुनरावलोकन और क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों व तनाव को देखते हुए, भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक लेबनान की यात्रा न करने की सलाह दी जाती है।"
  • परामर्श में कहा गया कि “लेबनान में पहले से मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को भी देश छोड़ने की सलाह दी जाती है। जो लोग किसी भी कारण से लेबनान में रह गए हैं, उन्हें अत्यधिक सावधानी बरतने, अपनी गतिविधियों को सीमित रखने और बेरूत में भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने की सलाह दी जाती है।”

अमेरिका और उसके सहयोगियों ने संघर्ष विराम का आह्वान किया

  • अमेरिका, फ्रांस और उनके अन्य सहयोगियों ने इजराइल और हिज्बुल्ला के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर वार्ताओं के लिए “तत्काल” 21 दिन के संघर्ष विराम का आह्वान किया है।
  • लेबनान में हालिया दिनों में दोनों पक्षों के बीच हुए संघर्ष में 600 से अधिक लोगों की मौत हुई है।
  • न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा से इतर बुधवार को जारी संयुक्त वक्तव्य में कहा गया है कि हालिया लड़ाई अस्वीकार्य है और यह क्षेत्र में व्यापक रूप ले सकती है।
  • वक्तव्य में कहा गया कि, “हम कूटनीति को जगह देने के लिए लेबनान-इजराइल सीमा पर तत्काल 21 दिन के संघर्ष विराम का आह्वान करते हैं। हम इजराइल और लेबनान की सरकारों समेत सभी पक्षों से तत्काल संघर्ष विराम का समर्थन करने की अपील करते हैं।”
  • हालांकि, इस अपील पर इजराइल या लेबनान सरकार और हिज्बुल्ला की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन, अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि सभी पक्ष संघर्ष विराम की अपील से अवगत हैं और आगामी कुछ घंटों में अपनी बात रखेंगे।
  • अधिकारियों ने कहा कि संघर्ष विराम की प्रक्रिया में हिज्बुल्ला को शामिल नहीं किया जाएगा बल्कि उनका मानना है कि लेबनान की सरकार हिज्बुल्ला से बात करेगी। यह संघर्ष विराम केवल इजराइल-लेबनान सीमा पर लागू होगा।
अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि वे तीन सप्ताह तक लड़ाई रुकवाकर संघर्ष विराम को लेकर रुकी हुई वार्ता फिर से शुरू कराने का प्रयास करेंगे। संघर्ष विराम का आह्वान करने वालों में अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, यूरोपीय यूनियन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कतर शामिल हैं।

लेबनान की एक इमारत पर इजराइल का हवाई हमला

  • लेबनान की एक इमारत पर इज़राइली हवाई हमले में 23 सीरियाई कामगारों की मौत हो गई और 8 अन्य जख्मी हो गए। लेबनान के सरकारी मीडिया ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
  • मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हमला देश के पूर्वोत्तर हिस्से में बुधवार देर शाम किया गया। यह इलाका लेबनान की पूर्वी बेका घाटी में स्थित प्राचीन बालबेक शहर के पास है, जो सीरियाई सीमा से सटा है।
  • एजेंसी ने यूनीन गांव के महापौर अली कस्सास के हवाले से कहा कि सीरिया के 23 लोगों के शवों को इमारत के मलबे से निकाला गया है।
  • हमले में 04 सीरियाई एवं चार लेबनानी लोग जख्मी हुए हैं। लेबनानी रेड क्रॉस ने कहा कि उसने 09 शव बरामद किए हैं, जबकि अन्य शव हिजबुल्ला चरमपंथी समूह की पैरामेडिक सेवा और लेबनानी नागरिक सुरक्षा द्वारा बरामद किए गए हैं। इजराइल ने लेबनान में कई दिनों तक भारी हमले किए हैं।
  • इजराइल ने कहा कि उसने हिजबुल्ला के ठिकानों को निशाना बनाया है, जिसने इजराइल पर सैकड़ों रॉकेट दागे हैं।
  • स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, लेबनान में 630 से अधिक लोग मारे गए हैं, जिनमें से लगभग एक चौथाई महिलाएं और बच्चे हैं।

हेल्पलाइन नंबर जारी

जो लोग किसी भी कारण से वहां रह गए हैं, उन्हें अत्यधिक सावधानी बरतने, अपनी आवाजाही सीमित रखने और हमारी ईमेल आईडी के माध्यम से बेरूत स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क करने की सलाह दी जाती है- cons.beirut@mea.gov.in या इमरजेंसी फोन नंबर +96176860128 के माध्यम से संपर्क में रहने की सलाह दी जाती है।
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts