Israel-Iran Conflict : तेहरान में तबाही का खौफ... इजरायली हमलों से मची अफरा-तफरी, लोग शहर छोड़ भाग रहे, बॉर्डर पर लंबी कतारें
राजधानी से ग्रामीण इलाकों की ओर पलायन; मेट्रो और मस्जिदों में शरण की अपील, सरकार अलर्ट पर

तेहरान। ईरान की राजधानी तेहरान इस समय बदहवासी और दहशत के माहौल से गुजर रही है। इजरायल द्वारा लगातार किए जा रहे मिसाइल और हवाई हमलों के बाद हालात बेकाबू हो चुके हैं। राजधानी छोड़कर भागने वालों की भारी भीड़ सड़कों पर दिखाई दे रही है। गाड़ियों की लंबी कतारें, पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़, बॉर्डर पर अफरा-तफरी और बमबारी से दहशत। तेहरान में हालात किसी युद्ध क्षेत्र से कम नहीं।
इजरायली हमलों ने राजधानी में मचाई तबाही
वहीं शुक्रवार की सुबह इजरायली वायुसेना ने तेहरान पर एक के बाद एक कई मिसाइलें दागीं। ये हमले शीर्ष ईरानी सैन्य अधिकारियों और वैज्ञानिकों के आवासों को निशाना बनाकर किए गए। CNN और DPA की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ हमले इतने सटीक थे कि इमारतें एक झटके में ढह गईं। इन हमलों में अब तक 16 लोगों की मौत और सैकड़ों के घायल होने की खबर है।
सड़कों पर भगदड़, गैस के लिए लंबी लाइनें
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजधानी से उत्तर की ओर ग्रामीण इलाकों की ओर पलायन हो रहा है। कई लोगों ने कहा कि बच्चों के साथ रहना असुरक्षित है। एक नागरिक ने CNN से कहा, "मैं घर नहीं छोड़ना चाहता, लेकिन बच्चों की जान ज्यादा जरूरी है।" गैस स्टेशन पर कई किलोमीटर लंबी कतारें देखी गई हैं। बाजारगान बॉर्डर (तुर्किये सीमा) और ईरान-अजरबैजान सीमा पर भी भीड़ उमड़ पड़ी है।तेहरान से पलायन के वीडियो वायरल
- तेहरान से पलायन कर रहे लोगों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
- राजमार्गों पर कारों की लंबी कतारें, पलायन करते परिवार।
- ईरान-तुर्किये की सीमा पर हज़ारों लोग इमिग्रेशन के लिए लाइन में।
- एक यूजर ने लिखा है कि तेहरान में अराजकता का माहौल है। लोग बेतहाशा शहर छोड़ रहे हैं।





















