Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Israel-Gaza War : इजराइली हमले में मां ने छोड़ी दुनिया... कोख में पल रही बच्ची ने लिया जन्म; पिता-बहन की भी एयर स्ट्राइक में मौत

Follow on Google News
Israel-Gaza War : इजराइली हमले में मां ने छोड़ी दुनिया... कोख में पल रही बच्ची ने लिया जन्म; पिता-बहन की भी एयर स्ट्राइक में मौत
नई दिल्ली। इजराइल और हमास के बीच गाजा में जारी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। इसी बीच गाजा के राफा शहर में रविवार को इजराइली हमले में मौत के बाद एक महिला के गर्भ से जिंदा बच्ची को निकाला गया है। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि, महिला 30 हफ्ते की प्रेग्नेंट थी। इस हमले में नवजात की मां, उसके पिता और बहन की मौत हो गई है।

एयर स्ट्राइक में एक ही परिवार के 13 बच्चों की मौत

फिलिस्तीन के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि, दो घरों पर इजराइली एयर स्ट्राइक में बच्ची की मां के अलावा उसके पिता और बहन समेत 19 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में एक ही परिवार के 13 बच्चे शामिल हैं। वहीं डॉक्टरों ने इमरजेंसी सी-सेक्शन डिलीवरी के जरिए बच्ची को निकाला। जन्म के समय बच्ची का वजन 1.4 किलोग्राम (3.09 पाउंड) था। धीरे-धीरे उसकी सेहत में सुधार हो रहा है, अभी उसकी हालत स्थिर है। हमले के समय बच्ची की मां सबरीन अल-सकानी 30 हफ्ते की गर्भवती थी।

बच्ची का नाम रूह रखना चाहती थी बड़ी बहन

सकानी के एक रिश्तेदार ने बताया कि, उसके जन्म को लेकर उसकी बड़ी बहन मलाक काफी खुश थी। वह अपनी छोटी बहन का नाम रूह रखना चाहती थी, जिसका अरबी में अर्थ आत्मा होता है। डॉक्टर के मुताबिक, नवजात को एक अन्य शिशु के साथ इनक्यूबेटर में रखा गया है। बच्ची को तीन से चार हफ्ते तक अस्पताल में ही रखा जाएगा। इसके बाद उसके बारे में सोचा जाएगा कि बच्ची को किसे सौंपा जाए।

7 अक्टूबर से जारी है जंग

इजराइल और हमास के बीच 7 अक्टूबर 2023 से जंग जारी है। हमास ने गाजा पट्टी से इजराइल पर 5 हजार से ज्यादा रॉकेट दागकर हमला कर दिया था। इसमें 1200 इजराइली नागरिक मारे गए थे और 234 लोगों को किडनैप किया गया था।​​​​​​ इसके तुरंत बाद इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमास के खिलाफ जंग का ऐलान कर दिया था। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, इजराइल के हमले से गाजा में 34,000 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे गए हैं। वहीं अब तक गाजा के 23 लाख में से आधे नागरिकों ने अपना घर छोड़ दिया है। ये भी पढ़ें- गाजा के दक्षिणी राफाह शहर में इजराइल का हवाई हमला, 6 बच्चों समेत 9 फिलिस्तीनी मारे गए
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts