Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दबाव के आगे झुके: ग्रीनलैंड में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी बढ़ाने का रास्ता साफ, डेनमार्क की संसद ने सुरक्षा समझौते को दी मंजूरी

डोनाल्ड ट्रंप की ग्रीनलैंड पर नियंत्रण की धमकियों के बीच डेनमार्क ने अमेरिका के साथ रक्षा समझौते को मंजूरी दी है। इससे आर्कटिक क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों के विस्तार-मिसाइल रक्षा को मजबूती मिलेगी।
दबाव के आगे झुके: ग्रीनलैंड में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी बढ़ाने का रास्ता साफ, डेनमार्क की संसद ने सुरक्षा समझौते को दी मंजूरी

दे हेग। ग्रीनलैंड में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ाने की अमेरिका की योजना को बड़ी सफलता मिली है। डेनमार्क की संसद ने अमेरिका के साथ सुरक्षा समझौते के पक्ष में मतदान कर इसे मंजूरी दे दी है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण आर्कटिक द्वीप ग्रीनलैंड पर अमेरिकी नियंत्रण की इच्छा जता चुके हैं। ट्रंप की इन धमकियों के कारण अमेरिका और यूरोप के उसके नाटो सहयोगी देशों के बीच तनाव भी बढ़ा था। नए समझौते के तहत ग्रीनलैंड की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और संप्रभुता में बदलाव किए बिना अमेरिका अपनी सैन्य गतिविधियों का विस्तार कर सकेगा। डेनमार्क की संसद की मंजूरी के साथ इस समझौते के रास्ते में बची आखिरी संसदीय बाधा भी समाप्त हो गई है।

ट्रंप का प्लान अमेरिका के लिए गोल्डन डोम

इस समझौते का एक प्रमुख उद्देश्य आर्कटिक क्षेत्र में अमेरिका की मिसाइल रक्षा क्षमता को मजबूत करना है। इसमें ट्रंप की प्रस्तावित 'गोल्डन डोम' मिसाइल रक्षा प्रणाली को समर्थन देने का ढांचा भी शामिल है। इसके अलावा अमेरिका को ग्रीनलैंड में अपने मौजूदा सैन्य ठिकानों और रक्षा सुविधाओं को आधुनिक बनाने तथा अतिरिक्त सैन्य बुनियादी ढांचा विकसित करने का अधिकार मिलेगा। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ग्रीनलैंड को अमेरिकी नियंत्रण में लाने की ट्रंप की इच्छा के कारण कई महीनों तक अमेरिका और डेनमार्क के बीच राजनयिक तनाव बना रहा। अमेरिका इस द्वीप पर अपनी सैन्य और रणनीतिक भूमिका का विस्तार करना चाहता था, जबकि डेनमार्क लगातार यह स्पष्ट करता रहा कि ग्रीनलैंड की संप्रभुता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।

1951 के रक्षा समझौते पर आधारित है नई व्यवस्था

अमेरिका और डेनमार्क के बीच हुआ यह समझौता वर्ष 1951 में किए गए रक्षा समझौते की बुनियाद पर तैयार किया गया है। इसका मकसद आर्कटिक क्षेत्र में दोनों देशों के सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करना है। इसके साथ ही रूस और चीन की बढ़ती सैन्य एवं रणनीतिक गतिविधियों को देखते हुए ग्रीनलैंड में नाटो से बाहर के देशों की सैन्य और रणनीतिक मौजूदगी को सीमित करने पर भी जोर दिया गया है।

अमेरिका के लिए क्यों अहम है ग्रीनलैंड?

  • यह द्वीप उत्तरी अमेरिका, यूरोप और आर्कटिक क्षेत्र के बीच स्थित है। यही वजह है कि अमेरिका इसे अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा मानता है।
  • ग्रीनलैंड में अमेरिका का संचालित पिटुफिक स्पेस बेस (Pituffik Space Base) मौजूद है। यह सैन्य ठिकाना मिसाइल चेतावनी, मिसाइल रक्षा और अंतरिक्ष निगरानी से जुड़े अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
  • इस बेस की भौगोलिक स्थिति अमेरिकी सेना को उत्तरी अमेरिका की ओर आने वाले संभावित मिसाइल खतरों पर नजर रखने में मदद करती है।
  •  इसके अलावा यहां से पूरे आर्कटिक क्षेत्र में होने वाली सैन्य गतिविधियों की निगरानी भी की जा सकती है।
  • ग्रीनलैंड की एक अन्य महत्वपूर्ण विशेषता इसका ग्रीनलैंड-आइसलैंड-यूके (GIUK) गैप के नजदीक होना है। यह आर्कटिक और उत्तरी अटलांटिक महासागर के बीच स्थित एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है।
  • इस समुद्री गलियारे के जरिए रूस की पनडुब्बियों और नौसैनिक गतिविधियों पर नजर रखी जाती है। इसलिए यह क्षेत्र अमेरिका और उसके सहयोगी देशों की समुद्री सुरक्षा रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।
Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts