RCB vs GT :IPL में आज RCB बनाम गुजरात के बीच खिताबी भिड़ंत, दोनों के पास दूसरी बार चैंपियन बनने का मौका

स्पोर्ट्स डेस्क। IPL 2026 में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम गुजरात टाइट्ंस के बीच खिताबी जंग है। दोनों टीमें 1-1 बार टाइटल अपने नाम कर चुकी है। ऐसे में आज नरेंद्र मोदी स्टेडियम में एक बार फिर दोनों टीमों के पास दूसरी बार चैंपियन बनने का मौका है। जहां आरसीबी पहले क्वालिफायर में गुजरात को हराकर फाइनल में पहुंची थी। तो वहीं गुजरात पहला क्वालिफायर हारने के बाद दूसरे क्वालिफायर में दमदार वापसी करते हुए राजस्थान के सपनों पर पानी फेरते हुए फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही । एक तरफ अनुभवी किंग कोहली है तो दूसरे छोर पर प्रिंस गिल है जिन्होंने पिछले ही क्वालिफायर मैच में शतक जड़ा। आज का मुकाबला शाम 7: 30 बजे से नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
खिताबी मुकाबले की प्रीव्यू रिपोर्ट
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज दोनों ही टीमें दूसरा आईपीएल खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी, जहां बेंगलुरु ने पिछले साल ही 18 बाद अपना पहला IPL का खिताब जीता था जबकि गुजरात ने साल 2022 की ट्रॉफी अपने नाम की थी।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 Final: RCB और गुजरात टाइटंस के बीच होगी टक्कर, कौन बनेगा नया चैंपियन?
टॉप ट्रेंड पर एक नजर
- पिछले 8 फाइनल क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम ने जीते।
- 2016 के बाद से आईपीएल में सभी फाइनल मैच क्वालिफायर- 1 खेलने वाली टीमों के बीच ही खेले गए हैं।
- 2016 के सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद एलिमिनेटर जीतकर फाइनल में पहुंची और विजेता भी बनी।
क्या 200+ रन है जीत की गारंटी?
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 200+ स्कोर खड़ा करना टीमों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। पिछले 18 IPL के रिकॉर्ड्स पर नजर डाले तो फाइनल में 200+ का स्कोर चेज नहीं हुआ। इससे साफ है कि अगर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम 200 से ज्यादा रन स्कोरबोर्ड पर जोड़ती है तो मुकाबले में उसका जीत का प्रतिशत ज्यादा रहेगा। आंकड़ों बताते हैं कि 2008 से 2025 तक IPL फाइनल में 4 बार ऐसे मौके आए जब 200+ स्कोर बना, और ये कभी चेज भी नहीं हुए।
अब नजर पिछली भिड़ंत पर
क्वालिफायर- 1 में RCB ने गुजरात को 92 रन से हराया
बेंगलुरु और गुजरात के बीच जब क्वालिफायर- 1 मैच खेला गया तो इसमें आरसीबी ने अपनी दमदार बैटिंग करते हुए GT के सामने मजबूत स्कोर खड़ा किया। धर्मशाला में 26 मई को खेले गए मैच में बेंगलुरु पूरे मुकाबले के दौरान GT पर हावी रही। आरसीबी ने यह मैच 92 रन से जीतकर फाइनल में एंट्री मारी। वहीं बात लीग मुकाबलों की करे तो यहां दो बार दोनों टीमें आमने- सामने हुई है। जिसमें 30 अप्रैल को गुजरात ने अपने होम वेन्यू पर 4 विकेट से जीत हासिल की, इससे पहले 24 अप्रैल को बेंगलुरु ने अपने होम ग्राउंड पर 5 विकेट से जीत हासिल की थी।
यह भी पढ़ें: Asian Games Trials: एशियन गेम्स ट्रायल में विनेश फोगाट की दमदार शुरुआत, पहले ही मुकाबले में ज्योति को 7-1 से हराया
नरेंद्र मोदी स्टेडिय पर RCB vs GT
अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स का रिकॉर्ड मजबूत रहा है। इस सीजन टीम ने अपने होम ग्राउंड पर 7 में से 5 मुकाबले जीते हैं, ऐसे में फाइनल में आरसीबी के लिए राह आसान नहीं होगी।
RCB के टॉप- 3 प्लेयर्स जिन पर रहेंगी नजर
विराट कोहली
इस सीजन शानदार फॉर्म में हैं। 15 मैचों में 600 रन बना चुके हैं, जिसमें 1 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं। गुजरात के खिलाफ पिछले मुकाबले में 43 रन की अहम पारी खेली थी।
रजत पाटीदार
क्वालिफायर-1 में गुजरात के खिलाफ कप्तानी पारी खेलते हुए नाबाद 93 रन बनाए और टीम का स्कोर 250 के पार पहुंचाया। इस सीजन 14 मैचों में 196.76 के स्ट्राइक रेट से 486 रन ठोक चुके हैं।
भुवनेश्वर कुमार
गेंदबाजी में RCB के सबसे बड़े हथियार बने हुए हैं। 15 मैचों में 26 विकेट लेकर पर्पल कैप की रेस में दूसरे नंबर पर हैं। गुजरात के खिलाफ पिछले मैच में भी 2 विकेट लिए थे।
गुजरात के टॉप-3 प्लेयर्स
शुभमन गिल
कप्तान गिल दमदार लय में हैं। क्वालिफायर-2 में राजस्थान के खिलाफ 104 रन की शतकीय पारी खेली। इस सीजन 15 मैचों में 722 रन बना चुके हैं, जिसमें 1 शतक और 6 फिफ्टी शामिल हैं।
साई सुदर्शन
गुजरात की बल्लेबाजी की मजबूत कड़ी बने हुए हैं। राजस्थान के खिलाफ 58 रन बनाए और गिल के साथ 77 गेंदों में 167 रन की बड़ी साझेदारी की। इस सीजन 16 मैचों में 710 रन बना चुके हैं।
कगिसो रबाडा
मौजूदा सीजन में सबसे ज्यादा 28 विकेट लेकर पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे हैं। राजस्थान के खिलाफ 2 विकेट लिए, जिसमें वैभव सूर्यवंशी का अहम विकेट भी शामिल रहा।











