Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

यूक्रेन पर रूस का बड़ा हमला, 500 ड्रोन से बरसे बम; 9 लोगों की मौत

रूस ने शनिवार को यूक्रेन के कई शहरों और इलाकों पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के मुताबिक करीब 500 ड्रोन तैनात किए गए। हमलों में कम से कम 9 लोगों की मौत और दर्जनों के घायल होने की खबर है। रूस और यूक्रेन ने एक-दूसरे के ठिकानों पर जवाबी हमले भी किए।
यूक्रेन पर रूस का बड़ा हमला, 500 ड्रोन से बरसे बम; 9 लोगों की मौत
रूस ने शनिवार को यूक्रेन के कई शहरों और इलाकों पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए।

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर तेज होता दिख रहा है। रूस ने शनिवार सुबह यूक्रेन के कई हिस्सों में बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। इन हमलों में कम से कम 9 लोगों की मौत हुई है, जबकि दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई रिहायशी इमारतों और जरूरी बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के मुताबिक, रूस ने शनिवार सुबह से करीब 500 ड्रोन यूक्रेनी ठिकानों पर भेजे। उनका आरोप है कि रूस अब युद्ध को सिर्फ मोर्चे तक सीमित नहीं रख रहा, बल्कि यूक्रेन की अर्थव्यवस्था और जरूरी ढांचे को भी निशाना बना रहा है।

क्रामाटोर्स्क में कारों पर हमला, 3 की मौत

पूर्वी यूक्रेन के डोनेट्स्क क्षेत्र के प्रमुख शहर क्रामाटोर्स्क में रूसी हमलों से तीन लोगों की मौत हो गई। नगर परिषद के मुताबिक, करीब 90 मिनट के दौरान निजी कारों को निशाना बनाए जाने की तीन घटनाएं हुईं। इनमें चार लोग घायल भी हुए। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि जिन वाहनों को निशाना बनाया गया, वे सैन्य लक्ष्य नहीं थे और उनमें आम लोग सवार थे। क्रामाटोर्स्क रूस-यूक्रेन युद्ध का एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्र बना हुआ है।

ज़ाइटॉमिर और दूसरे शहरों में भी हमले

राजधानी कीव के पश्चिम में स्थित ज़ाइटॉमिर क्षेत्र में भी रूसी हमले में दो लोगों की मौत हुई। क्षेत्रीय गवर्नर के मुताबिक, ज़्व्याहेल शहर में एक किराना स्टोर को निशाना बनाया गया। इसके अलावा दो पेट्रोल पंप और एक विदेशी निवेश वाली कंपनी भी हमले की चपेट में आई। जेलेंस्की ने दक्षिण-पूर्वी शहर ज़ापोरिज़िया और अपने गृहनगर क्रिवी रिह में भी रूसी हमलों की जानकारी दी।

ज़ापोरिज़िया और क्रिवी रिह में भी तबाही

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, ज़ापोरिज़िया और आसपास के इलाकों में हुए हमलों में दो लोगों की मौत हुई और 11 लोग घायल हुए। वहीं क्रिवी रिह में रातभर ड्रोन और मिसाइल हमलों में दो लोगों की मौत हुई। रूस ने दावा किया कि उसके सैनिकों ने यूक्रेन के कुछ औद्योगिक ठिकानों को निशाना बनाया। इनमें ज़ापोरिज़स्टाल स्टील प्लांट, निप्रो का इंटरपाइप स्टील कॉम्प्लेक्स और क्रिवी रिह के कुछ औद्योगिक संयंत्र शामिल हैं।

ओडेसा में करीब 40 लोग घायल

काला सागर के बंदरगाह शहर ओडेसा में भी रूसी हमलों का असर देखने को मिला। क्षेत्रीय गवर्नर के मुताबिक, शनिवार शाम तक चले हमलों में करीब 40 लोग घायल हुए हैं। वहीं रूस के नियंत्रण वाले डोनेट्स्क क्षेत्र के अधिकारियों ने दावा किया कि यूक्रेनी ड्रोन हमलों में तीन लोगों की मौत हुई है।

ये भी पढ़ें: BRICS में भारत का कूटनीतिक दांव सफल, ईरान-UAE मतभेद के बावजूद बनी सहमति

मोल्दोवा में भी बढ़ी चिंता

यूक्रेन की सीमा से लगे मोल्दोवा में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। सीमा के पास ड्रोन देखे जाने के बाद अधिकारियों ने करीब एक घंटे के लिए देश का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया। इस दौरान सात सीमा चौकियों को भी अस्थायी रूप से बंद किया गया।

रूस ने यूक्रेनी बंदरगाहों को बनाया निशाना

रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेना ने यूक्रेनी बंदरगाहों पर हमले जारी रखे हैं। मंत्रालय के मुताबिक, ओडेसा में एक मालवाहक जहाज को निशाना बनाया गया, जिसके बारे में रूस का दावा है कि वह सैन्य इस्तेमाल का सामान ले जा रहा था। इससे पहले रूस ने चोर्नोमोरस्क बंदरगाह में दो मालवाहक जहाजों पर हमले की बात भी कही थी।

Breaking News

यूक्रेन ने रूस में किया जवाबी हमला

यूक्रेन ने भी रूस के अंदर जवाबी कार्रवाई की। यूक्रेनी सेना के मुताबिक, उसने समारा क्षेत्र के तोग्लियाटी में सिंथेटिक रबर बनाने वाली एक बड़ी औद्योगिक इकाई को निशाना बनाया। हमले के बाद वहां आग लग गई। यूक्रेनी सेना का दावा है कि इस संयंत्र में सिंथेटिक रबर के अलावा रूसी मिसाइलों में इस्तेमाल होने वाले ईंधन से जुड़े पदार्थ भी बनाए जाते हैं। रूस के समारा क्षेत्र के अधिकारियों ने भी औद्योगिक ठिकानों पर यूक्रेनी ड्रोन हमले की पुष्टि की। तोग्लियाटी के मेयर के मुताबिक, हमले में कई रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा और एक व्यक्ति घायल हुआ।

नागरिकों और बुनियादी ढांचे पर बढ़ता खतरा

रूस और यूक्रेन दोनों लगातार एक-दूसरे के इलाकों को निशाना बना रहे हैं। पिछले कुछ समय में बिजली संयंत्रों, औद्योगिक इकाइयों, बंदरगाहों और अन्य बुनियादी ढांचे पर हमले बढ़े हैं। इससे युद्ध का असर आम नागरिकों और रोजमर्रा की सुविधाओं पर भी पड़ रहा है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts