पाकिस्तान के सिंध प्रांत में हादसा: अस्पताल जा रही एंबुलेंस में फटा ऑक्सीजन सिलेंडर, महिला समेत 10 लोगों की मौत

पाकिस्तान के सिंध प्रांत में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। थारपारकर जिले के नगरपारकर इलाके में एक एंबुलेंस में हुए धमाके के बाद आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला मरीज के अलावा अस्पताल के कर्मचारी और मरीजों के परिजन भी शामिल बताए जा रहे हैं।
अस्पताल परिसर में हुआ धमाका
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसा गुरुवार को एक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में हुआ। एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने के बाद आग लग गई और देखते ही देखते वाहन इसकी चपेट में आ गया। स्थानीय पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उस समय मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने की तैयारी चल रही थी।
थारपारकर के पुलिस प्रमुख आरिफ अजीज के अनुसार, हादसे में अब तक कम से कम 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी, मरीज और उनके परिजन शामिल हैं।
प्रसव के बाद महिला को ले जाने की थी तैयारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में एक ऐसी महिला की भी मौत हुई, जिसे प्रसव के बाद स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो रही थीं। उसे दानो ढांढल के स्वास्थ्य केंद्र से मीठी स्थित जिला अस्पताल ले जाने की तैयारी थी। इसी दौरान एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर फट गया।
जांच के आदेश, हादसे की वजह खंगाल रहे अधिकारी
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में ऑक्सीजन सिलेंडर के फटने को हादसे की वजह बताया गया है। हालांकि, धमाका किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे कोई तकनीकी लापरवाही थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
हादसे के बाद पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने भी दुख जताया और घटना की जल्द व पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने पर जोर दिया।




















