जबलपुर: पारस यादव की मौत पर परिजनों का प्रदर्शन, आरोपी के मकान पर चला बुलडोजर

जबलपुर। रविवार देर रात हुए विवाद में दो महिलाओं सहित आठ लोग घायल हुए थे, जिनमें 48 वर्षीय पारस यादव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव रखकर प्रदर्शन किया और मुआवजे सहित आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी।
शव रखकर किया था प्रदर्शन
पारस यादव की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने विकल मोड़ पर शव रखकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा देने और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी, जिसके चलते तीन मार्गों पर जाम लग गया था।
ये भी पढ़ें: बड़े तालाब पर बुलडोजर एक्शन! प्रशासन ने धड़ाधड़ तोड़े ढांचे, 15 दिन में 347 कब्जों का होगा सफाया
प्रशासन को दिया था 24 घंटे का अल्टीमेटम
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखीं और उन्हें पूरा करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई थी, जिसके बाद गुरुवार सुबह जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
मुख्य आरोपी समेत छह गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समीर वंशकार सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके बाद गुरुवार को प्रशासन ने समीर वंशकार के चिह्नित अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। मामले में पुलिस की आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
जबलपुर में पहले भी हुईं बुलडोजर कार्रवाइयां
13–14 मई 2023 को हनुमानताल क्षेत्र के चांदनी चौक में शहजाद उर्फ कंजा सुलेमानी के तीन मंजिला अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया था। उस समय उसके खिलाफ 16 आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी दी गई थी। अप्रैल 2024 में खजरी-खिरिया बाइपास कबाड़ गोदाम विस्फोट मामले के बाद आधारताल के आनंद नगर में सलीम खान के मकान की करीब 800 वर्गफुट अवैध बाउंड्रीवॉल हटाई गई थी।




















