सिंगरौली में नशीली दवाओं पर बड़ी कार्रवाई, कफ सिरप और टैबलेट-कैप्सूल जब्त; 2 आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के 15 दिवसीय विशेष एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर स्टार मेडिकल स्टोर, कसर के सामने कार्रवाई कर ग्राम सेमुआर निवासी सुकसेन बैस (22) को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो पेटियों में कोडिनयुक्त कफ सिरप की 238 शीशियां बरामद हुईं। सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक भी जब्त की गई।
सीमेंट गोदाम में मिला दवाओं का जखीरा
कार्रवाई के बाद पुलिस ने ग्राम सेमुआर स्थित ईंट प्लांट के सीमेंट गोदाम में तलाशी ली। यहां से कोडिनयुक्त कफ सिरप की 1,080 शीशियों के अलावा DIPATRAM PLUS के 10,080 कैप्सूल, Pyeevon Spas-T के 17,280 कैप्सूल और ALZOMAC-0.5 की 25,200 टैबलेट बरामद की गईं। पुलिस ने मौके से बोलेरो क्रमांक MP66T3098 भी जब्त की। मामले में मेडिकल स्टोर संचालक नीतीश कुमार बैस (25) को गिरफ्तार किया गया है।
ये भी पढ़ें: सीहोर में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, गांजा और स्मैक बरामद; 4 आरोपी गिरफ्तार
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब बरामद औषधियों की खरीद, भंडारण और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में दवाएं कहां से लाई गई थीं और इन्हें कहां भेजने की तैयारी थी। कार्रवाई आईजी रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन, डीआईजी हेमंत चौहान के मार्गदर्शन और एसपी शियाज के.एम. के नेतृत्व में की गई। एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा और एसडीओपी मोरवा अमित कुमार के पर्यवेक्षण में बरगवां पुलिस सहित अन्य टीमों ने कार्रवाई में भाग लिया।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी बरगवां निरीक्षक अनिल कुमार पटेल, चौकी प्रभारी जयंत निरीक्षक पवन कुमार सिंह, सूबेदार आशीष तिवारी, उप निरीक्षक संदीप नामदेव एवं अमन वर्मा, सहायक उप निरीक्षक अरुण पटेल, रामचरण सतनामी, रवि गोस्वामी एवं जीवेंद्र मिश्रा सहित कई पुलिस कर्मचारियों की भूमिका रही।




















