TV शो से सीखी प्लेन उड़ाने की ट्रिक, संकट में आई काम, संभाला कंट्रोल, फिर खून से सने कपड़ों में PM नेतन्याहू से मिलने पहुंचा यात्रि

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में बुधवार को हवा में ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने विमान में सवार यात्रियों को दहला दिया। फ्लाइट FZ1073 के कॉकपिट में पायलटों के बीच गंभीर घटना हुई। इसमें भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर घायल हो गए और विमान की ऊंचाई अचानक तेजी से कम होने लगी। इसके बाद यात्रियों और क्रू के सदस्यों ने मिलकर स्थिति संभाली। विमान को सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा गया। फ्लाईदुबई ने भी पुष्टि की है कि विमान सुरक्षित लैंड हुआ और सभी यात्री सुरक्षित थे।
विमान की ऊंचाई तेजी से घटी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था। इसी दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच विवाद हुआ। इजराइली अधिकारियों के अनुसार, सह-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला किया। इसके बाद विमान अचानक नीचे जाने लगा। विमान कुछ ही समय में हजारों फीट नीचे आ गया। अलग-अलग रिपोर्ट्स में ऊंचाई कम होने की अलग-अलग जानकारी सामने आई है। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक विमान करीब 14 हजार फीट तक नीचे आया था। बाद में अन्य रिपोर्टों में बताया गया कि विमान लगभग 33 हजार फीट से करीब 17 हजार फीट तक तेजी से नीचे गया।
कैप्टन ने खोला कॉकपिट का दरवाजा
इस पूरे घटनाक्रम में कैप्टन स्मित मच्छर की भूमिका भी अहम रही। रिपोर्ट्स के अनुसार, घायल होने के बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद कुछ यात्री और विमान में मौजूद अन्य क्रू सदस्य कॉकपिट तक पहुंच सके। इसी दौरान इजराइली यात्री यानिव हायून और अन्य लोगों ने स्थिति को संभालने में मदद की। यात्रियों ने हमलावर पायलट को कॉकपिट के कंट्रोल से दूर किया। बाद में विमान में मौजूद अतिरिक्त फ्लाइट क्रू ने विमान का नियंत्रण संभाला।
यात्री यानिव हायून ने भी संभाला मोर्चा
घटना के बाद यानिव हायून ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया। हायून ने कहा कि उसे कॉकपिट से चीखने की आवाज सुनाई दी थी। इसके बाद वह एक अन्य यात्री के साथ वहां पहुंचा। जानकारी के मुताबिक, कॉकपिट में पहुंचने पर उसने कैप्टन स्मित मच्छर को घायल हालत में देखा, जबकि दूसरा पायलट विमान के कंट्रोल के पास था। इसके बाद उसने अन्य यात्रियों की मदद से स्थिति को काबू में करने की कोशिश की।
TV शो देखकर मिली जानकारी आई काम?
इस घटना का सबसे दिलचस्प पहलू यानिव हायून से जुड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हायून के पास विमान उड़ाने की कोई ट्रेनिंग नहीं थी। उसने बाद में बताया कि विमान के कंट्रोल को लेकर उसे कुछ जानकारी 'Air Disasters' नाम के टीवी शो से मिली थी। उसने नेतन्याहू को बताया कि विमान के तेजी से नीचे जाने के दौरान उसने टीवी कार्यक्रम में देखी जानकारी के आधार पर कंट्रोल को संभालने की कोशिश की। हालांकि, कुछ ही समय बाद विमान में मौजूद प्रशिक्षित अतिरिक्त क्रू ने नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया।
ये भी पढ़ें: मां नहीं चाहती थीं पायलट बनें स्मित माछर, बोली थीं- विमान उड़ाने से लगता है डर; अब 174 यात्रियों की बचाई जान
तबूक में सुरक्षित उतरा विमान
पूरे घटनाक्रम के बाद फ्लाइट को तेल अवीव ले जाने के बजाय सऊदी अरब के तबूक की ओर मोड़ा गया। विमान वहां सुरक्षित उतर गया। फ्लाईदुबई ने कहा कि घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई है और मामले की जांच में सहयोग किया जा रहा है। विमान में कुल 174 लोग सवार होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और बाद में उन्हें इजराइल पहुंचाया गया।
भारतीय पायलट स्मित मच्छर अस्पताल में भर्ती
घटना में घायल कैप्टन स्मित मच्छर को तबूक पहुंचने के बाद अस्पताल ले जाया गया। भारतीय दूतावास के मुताबिक, वह अस्पताल में इलाज करा रहे हैं और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्मित मच्छर की बहादुरी की सराहना की है।
हमले की वजह अभी साफ नहीं
घटना के बाद सऊदी अधिकारियों ने आरोपी सह-पायलट को गिरफ्तार किया है। उसकी नागरिकता ओमानी बताई गई है। हालांकि, इस घटना के पीछे वास्तविक वजह या मकसद क्या था, इसकी जांच अभी जारी है। इजराइली अधिकारियों ने भी मामले की जांच शुरू की है। इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने यात्रियों और क्रू के साहस की सराहना की है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि घटना के पीछे कौन था और इसका पूरा मकसद क्या था, इस पर जल्द निष्कर्ष निकालना ठीक नहीं होगा। फ्लाईदुबई ने भी जांच पूरी होने से पहले अटकलों से बचने की अपील की है।




















