Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दिलचस्प मुकाबले: सात सीटों पर सांसद के रूप में आएगा नया चेहरा

‘सत्ते-पे-सत्ता ’...भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशी पहली बार लड़ रहे लोस चुनाव
Follow on Google News
दिलचस्प मुकाबले: सात सीटों पर सांसद के रूप में आएगा नया चेहरा

राजीव सोनी- भोपाल। मप्र में मौसम का तापमान बढ़ने के साथ ही अब चुनावी सरगर्मी भी तेजी पर है। भाजपा काफी पहले ही अपने सभी 29 प्रत्याशियों का ऐलान कर प्रचार में बढ़त ले चुकी है। खजुराहो में पहली बार चुनावी परिदृश्य इकतरफा और दिलचस्प मोड़ पर है। ग्वालियर, मुरैना और खंडवा में कांग्रेस की तलाश जारी है। प्रदेश में अन्य 7 सीटें ऐसी भी हैं जहां भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के उम्मीदवार पहली बार लोकसभा चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं।

भोपाल, सागर, जबलपुर, होशंगाबाद, सीधी, दमोह और बालाघाट में कोई भी जीते, सांसद के रूप में नया चेहरा ही सामने आएगा। प्रदेश में ये 7 सीटें ऐसी हैं जहां भाजपा ने अपने पदाधिकारी और पूर्व विधायकों को पहली बार लोस चुनाव की उम्मीदवारी सौंपी है। संयोग ही है कि उनके सामने जो कांग्रेस प्रत्याशी हैं, वे पहली बार चुनाव मैदान में हैं।

भोपाल: आलोक v/s अरुण

भोपाल में भाजपा ने पूर्व महापौर आलोक शर्मा को मैदान में उतारा है। शर्मा दो बार विस चुनाव लड़ चुके हैं पर लोकसभा के लिए उनका यह पहला मौका है। कांग्रेस ने अरुण श्रीवास्तव जैसे नए चेहरे पर दांव लगाया है।

जबलपुर: आशीष v/s दिनेश

जबलपुर सीट पर भी भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही दलों ने नए चेहरों पर दांव लगाया है। भाजपा की तरफ से संगठन के पदाधिकारी आशीष दुबे ताल ठोक रहे हैं जबकि कांग्रेस ने यहां दिनेश यादव को उम्मीदवारी सौंपी है।

सागर: लता v/s बुंदेला

सागर सीट पर भाजपा ने पहली बार महिला प्रत्याशी के बतौर मप्र महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष लता वानखेड़े को कमान सौंपी है। कांग्रेस ने इस बार नया प्रयोग करते हुए मूलत: ललितपुर निवासी चंद्रभूषण सिंह बुंदेला को मैदान में उतारा है।

बालाघाट: भारती v/s सम्राट

इस सीट पर पुराने दिग्गज नेताओं को दरकिनार करते हुए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने इस बार नए चेहरों को आगे किया है। भाजपा ने डॉ भारती पारधी,कांग्रेस ने सम्राट सिंह सरस्वार को मैदान में उतारा है।

होशंगाबाद: दर्शन v/s संजय

इस सीट पर भाजपा ने अपने किसान मोर्चा के युवा अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी को कमान सौंपी है जबकि कांग्रेस की तरफ से पूर्व विधायक संजय शर्मा टक्कर दे रहे हैं।

सीधी : राजेश v/s कमलेश्वर

विंध्य अंचल में रिक्त घोषित सीधी संसदीय क्षेत्र से इस बार नए चेहरे के रूप में भाजपा के डॉ. राजेश मिश्रा और कांग्रेस की तरफ से पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल आमने-सामने हैं।

दमोह : राहुल v/s तरबर

बुंदेलखंड की दमोह सीट पर दोनों दलों की तरफ से मुकाबले में पूर्व विधायक हैं । भाजपा के राहुल सिंह लोधी और कांग्रेस प्रत्याशी तरबर लोधी एक ही समाज से हैं।

2019 में 15 नए चेहरे जीते थे

2019 के चुनाव में मप्र से 15 चेहरे पहली बार लोकसभा में पहुंचे थे। इनमें नकुलनाथ, संध्या राय भिंड, विवेक शेजवलकर ग्वालियर, केपी सिंह यादव गुना आदि हैं।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts