Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर कॉन्सर्ट में Diljit Dosanjh का अलग अंदाज, राहत इंदौरी का शेर सुनाकर दिया जवाब, बोले- 'किसी के बाप का हिंदुस्तान...'

इंदौर कॉन्सर्ट में पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में रहे। चार गानों पर आपत्ति और पाबंदी के विवाद के बीच दिलजीत ने मंच से मशहूर शायर राहत इंदौरी का चर्चित शेर सुनाया- 'किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है'।
इंदौर कॉन्सर्ट में Diljit Dosanjh का अलग अंदाज, राहत इंदौरी का शेर सुनाकर दिया जवाब, बोले- 'किसी के बाप का हिंदुस्तान...'
चार गानों पर विवाद के बीच दिलजीत ने सुनाया राहत इंदौरी का शेर

पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ का इंदौर कॉन्सर्ट इन दिनों काफी चर्चा में है। 15 नवंबर को हुए इस लाइव शो में दिलजीत ने अपने गानों से तो फैंस का दिल जीता ही, साथ ही अपने बेबाक अंदाज से भी सुर्खियां बटोरीं। चार गानों पर आपत्ति और उन्हें नहीं गाने के निर्देशों के बीच दिलजीत ने मशहूर शायर राहत इंदौरी का चर्चित शेर सुनाया। उन्होंने मंच से कहा- 'किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है...'। इसके साथ ही दिलजीत ने महाकाल के जयकारे भी लगाए। उनके इस अंदाज ने पूरे कॉन्सर्ट का माहौल बदल दिया।

45 फीट ऊंचे एलिवेटर से दिलजीत की धमाकेदार एंट्री

इंदौर में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट रविवार रात आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में फैंस अपने पसंदीदा सिंगर को देखने पहुंचे थे। रात करीब 7 बजकर 50 मिनट पर दिलजीत ने 45 फीट ऊंचे एलिवेटर से स्टेज पर एंट्री की। उनकी एंट्री होते ही पूरा मैदान तालियों और शोर से गूंज उठा। दिलजीत ने मंच पर पहुंचते ही सबसे पहले 'जय श्री महाकाल' का उद्घोष किया। इसके बाद उन्होंने 'मोरनी' गाने से अपनी परफॉर्मेंस शुरू की। कॉन्सर्ट में पंजाबी गानों के साथ देशभक्ति और धार्मिक उत्साह का रंग भी देखने को मिला। हालांकि, इस कार्यक्रम की सबसे ज्यादा चर्चा उनके गानों से ज्यादा मंच से दिए गए संदेश को लेकर हुई।

'हमारे मुंह में किसी दूसरे की जुबान नहीं है'

कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने चार गानों पर उठे विवाद को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि लोग कहते हैं कि यह नहीं कर सकते और वह नहीं कर सकते, लेकिन हमारे मुंह से जो निकलता है, वही सदाकत है। हमारे मुंह में किसी दूसरे की जुबान नहीं है। इसके बाद उन्होंने राहत इंदौरी की मशहूर गजल की पंक्तियां सुनाईं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा इस लाइन की हुई- 'सभी का खून शामिल है यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।' दिलजीत ने शेर के जरिए देश की एकता और साझा पहचान का संदेश दिया। राहत इंदौरी की इन पंक्तियों को सुनकर कॉन्सर्ट में मौजूद दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं।

महाकाल की धरती पर आने से कोई नहीं रोक सकता

इंदौर में अपनी प्रस्तुति के दौरान दिलजीत ने शहर और यहां के लोगों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह महाकाल की धरती है और यहां आने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता। सिंगर ने कहा कि वह न पहले रुके थे और न ही आगे रुकेंगे। उन्होंने दर्शकों से कहा कि आप लोग भी कहां डरते हैं। आज हम यहां हैं तो इसमें आप सभी का साथ और ताकत है। इसके बाद दिलजीत ने फैंस से दोनों हाथ ऊपर उठाने और जोर से 'जय श्री महाकाल' बोलने की अपील की। उनकी अपील पर पूरा कॉन्सर्ट जयकारों से गूंज उठा।

दिलजीत के इन चार गानों पर जताई गई थी आपत्ति

दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले उनके चार गानों को लेकर विवाद शुरू हो गया था। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने C-21 मॉल प्रबंधन को पत्र लिखकर इन गानों को लाइव शो में शामिल नहीं करने के निर्देश दिए थे।

  • - पटियाला पैग
  • - 5 तारा ठेके
  • - जेब विचों अफीम लभिया
  • - जट्ट उत्थे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियार दी

इन गानों के बोल में शराब, नशे और हथियारों का जिक्र होने के कारण आपत्ति जताई गई थी। अधिकारियों का मानना था कि ऐसे गाने बच्चों और युवाओं पर गलत प्रभाव डाल सकते हैं।

चंडीगढ़ के प्रोफेसर की शिकायत से शुरू हुआ था विवाद

दिलजीत के गानों को लेकर विवाद की शुरुआत चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धारेनावर की शिकायत के बाद हुई थी। उन्होंने प्रशासन से मांग की थी कि कॉन्सर्ट में ऐसे गाने नहीं गाए जाने चाहिए, जिनमें शराब और नशे को बढ़ावा देने वाली बातें हों। उनका तर्क था कि इस तरह के गानों का बच्चों और युवाओं पर गलत असर पड़ सकता है। शिकायत मिलने के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने आयोजकों को पत्र जारी किया। इसमें संबंधित गानों को कार्यक्रम में शामिल नहीं करने के निर्देश दिए गए थे।

चर्चा में रहा शो

इंदौर कॉन्सर्ट में दिलजीत दोसांझ ने संगीत, देशभक्ति और धार्मिक आस्था का अनोखा संगम पेश किया। एक तरफ उन्होंने अपने लोकप्रिय गानों से फैंस का मनोरंजन किया, तो दूसरी तरफ राहत इंदौरी की शायरी सुनाकर अपने अंदाज में जवाब दिया। चार गानों पर आपत्ति से शुरू हुआ विवाद उनके कॉन्सर्ट के दौरान भी चर्चा में रहा। लेकिन मंच से सुनाया गया 'किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है' वाला शेर और 'जय श्री महाकाल' के जयकारे इस कार्यक्रम की सबसे यादगार बातों में शामिल हो गए।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts