इंदौर में कार-बाइक बाद में, पहले VIP नंबर!0001 के लिए ₹1.11 लाख तक पहुंची बोली,7777 ने बढ़ाया रोमांच

इंदौर। वाहन मालिकों में पसंदीदा और वीआईपी नंबर हासिल करने की होड़ एक बार फिर तेज हो गई है। परिवहन विभाग की ओर से शुरू की गई वाहनों की नई नंबर सीरीज की ऑनलाइन नीलामी का कल आखिरी दिन है। इस नीलामी में सबसे ज्यादा आकर्षण 0001 और 7777 नंबर को लेकर देखने को मिल रहा है। 0001 नंबर के लिए दो दावेदार आमने-सामने हैं, जबकि 7777 नंबर के लिए पांच आवेदकों के बीच मुकाबला है।
0001 के लिए ₹1 लाख से शुरू होकर ₹1.11 लाख पहुंची बोली
0001 नंबर का रिजर्व प्राइज ₹1 लाख रखा गया था। दो आवेदकों के बीच चल रही बोली अब ₹1 लाख 11 हजार तक पहुंच चुकी है। अंतिम दिन दोनों दावेदारों में से कौन इस नंबर को अपने नाम करता है, इस पर नजर रहेगी। एक से ज्यादा दावेदार होने के कारण आखिरी समय में बोली और ऊपर जाने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: Peoples Update Special : VIP नंबरों से इंदौर RTO ने 1 साल में कमाए 11 करोड़
7777 के लिए पांच दावेदार मैदान में
दूसरी ओर 7777 नंबर को लेकर भी जबरदस्त प्रतिस्पर्धा है। इस नंबर का रिजर्व प्राइज ₹25 हजार है, जबकि इसकी बोली अभी तक ₹30 हजार पहुंच गई है। खास बात यह है कि इस नंबर के लिए पांच आवेदक बोली लगा रहे हैं। ऐसे में अंतिम दिन बोली में अच्छी-खासी बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा RTO पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, सीएम हेल्पलाइन शिकायत के बाद भी नहीं बदले हालात
40 आवेदकों ने VIP नंबरों के लिए लगाई बोली
नई सीरीज में वीआईपी नंबरों को लेकर कुल 40 आवेदकों ने आवेदन किया है। इनमें 0001 और 7777 के अलावा 0007, 0009, 1111 और 9999 जैसे आकर्षक नंबर भी शामिल हैं। इन नंबरों को अपने वाहनों के लिए हासिल करने के लिए वाहन मालिक बोली लगा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: MP News : ड्राइविंग के दौरान मोबाइल पर बात पड़ी भारी, भोपाल में 78 के लाइसेंस हुए कैंसिल
बीजेड सीरीज की आखिरी नीलामी, इसलिए खास है मुकाबला
इस बार की नीलामी को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह बीजेड सीरीज की आखिरी सीरीज है। वाहनों के पंजीयन में नंबर सीरीज बीए से शुरू होकर अब बीजेड तक पहुंच चुकी है। मौजूदा सीरीज का क्रम पूरा होने के बाद नई नंबर सीरीज शुरू होगी। इसी वजह से बीजेड सीरीज के पसंदीदा नंबरों को लेकर वाहन मालिकों में खास उत्साह है।
शाम 5 बजे तक बढ़ा सकेंगे बोली
नीलामी में शामिल आवेदकों को निर्धारित समय तक अपनी बोली बढ़ाने का मौका मिलेगा। कल शाम 5 बजे नीलामी समाप्त होगी। हालांकि यदि किसी नंबर पर अंतिम समय में बोली लगातार बढ़ती रही तो विभाग उस नंबर के लिए अतिरिक्त समय दे सकता है। जिन नंबरों पर केवल एक ही आवेदक होगा, उनके परिणाम शाम 5 बजे घोषित किए जा सकेंगे।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर RTO पर अवैध वसूली का आरोप: हाइवे पर प्राइवेट लोग वसूल रहे पैसा, विरोध पर ड्राइवरों को धमकी
गणेश उत्सव में खरीदे वाहनों के लिए भी पसंदीदा नंबर
हाल ही में गणेश उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में खरीदे गए नए वाहनों के मालिक भी इस नीलामी में शामिल हो रहे हैं। वे अपने नए वाहनों के लिए पसंदीदा नंबर हासिल करना चाहते हैं। ऐसे में अंतिम दिन 0001, 7777 समेत अन्य वीआईपी नंबरों की बोली किस स्तर तक पहुंचती है, इस पर परिवहन विभाग और वाहन मालिकों की नजर रहेगी।



















