MP News :ड्राइविंग के दौरान मोबाइल पर बात पड़ी भारी, भोपाल में 78 के लाइसेंस हुए कैंसिल

गाड़ी ड्राइव करते हुए फोन पर बात करना या ट्रैफिक नियमों तोड़ना भारी पड़ सकता है यहां तक  की आपका ड्राइविंग लाइसेंस भी कैंसिल किया जा सकता है। भोपाल आरटीओ ने जनवरी से अब तक 410 लायसेंस निरस्त किए हैं। सबसे ज्यादा मामले ड्रंक एंड ड्राइव के हैं।
Follow on Google News
ड्राइविंग के दौरान मोबाइल पर बात पड़ी भारी, भोपाल में 78 के लाइसेंस हुए कैंसिल
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    प्रवीण श्रीवास्तव, भोपाल।अब गाड़ी चलाते-चलाते फोन उठाना सिर्फ गलती नहीं, सीधे मुसीबत को बुलाना है। इससे आपका चालान तो बनेगा ही, लायसेंस भी निरस्त हो सकता है। भोपाल आरटीओ के आंकड़ों के अनुसार भोपाल में जनवरी से अब तक 410 वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए। चौंकाने वाली बात यह है कि जिन चालकों के ड्राइविंग लायसेंस निरस्त हुए हैं उनमें से 78 ड्राइविंग के दौरान मोबाइल पर बात करते पकड़े गए। हालांकि इस सूची में शराब पीकर ड्राइविंग करने वाले चालकों की संख्या सबसे ज्यादा है। ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले में 95 लाइसेंस निरस्त किए गए।

    ट्रैफिक नियमों पर बढ़ाई सख्ती

    शहर में ट्रैफिक नियमों को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ऐसे चालकों पर नजर रखी जा रही है, जो अपनी और दूसरों की जान को खतरे में डालते हैं। आंकड़ों के अनुसार, प्रति दिन करीब चार वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त किए गए। इनमें से 237 लाइसेंस ट्रैफिक पुलिस और 173 कोर्ट के आदेश के बाद निरस्त किए गए। अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल पर बात करते समय ड्राइवर का ध्यान सड़क से हट जाता है, जिससे दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। गंभीर मामलों में अब सिर्फ चालान नहीं, बल्कि लाइसेंस सस्पेंड करने की कार्रवाई भी जाती है।

    मोबाइल पर बात करना क्यों है खतरनाक

    ड्राइविंग के दौरान मोबाइल पर बात करना सिर्फ नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि गंभीर खतरा भी है। रिसर्च बताती है कि फोन पर बात करते समय ड्राइवर का रिएक्शन टाइम धीमा हो जाता है, जिससे अचानक ब्रेक लगाने या मोड़ लेने में देरी हो सकती है। कई मामलों में देखा गया है कि ड्राइवर को सामने की स्थिति का सही अंदाजा ही नहीं लग पाता। यही कारण है कि अब इस गलती को गंभीर श्रेणी में रखते हुए सख्त कार्रवाई की जा रही है।

    गंभीर मामलों में लाइसेंस निरस्त होंगे

    गंभीर मामलों में वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त किए जाते हैं। अमूमन गलती करने पर जुर्माने के तौर पर चालान बनाया जाता है। हालांकि बार-बार एक ही गलती करने या गंभीर मामलों में सीधे निरस्त किया जा सकता है।

    जितेन्द्र शर्मा, आरटीओ

    ड्राइविंग लाइसेंस रद्द होने के प्रमुख कारण 

    बार-बार नियम तोड़ना : नए नियमों के मुताबिक, एक साल में 5 या उससे ज्यादा चालान होने पर लाइसेंस सीधे रद्द किया जा सकता है।

    शराब या ड्रग्स के प्रभाव में गाड़ी चलाना : नशे की हालत में वाहन चलाने पर DL तुरंत निलंबित या रद्द हो सकता है।

    गंभीर यातायात अपराध : ओवरस्पीडिंग (तेज रफ्तार): निर्धारित सीमा से बहुत तेज वाहन चलाना।

    रेड लाइट जंप करना : ट्रैफिक सिग्नल का उल्लंघन करना।

    खतरनाक ड्राइविंग : लापरवाही या स्टंटबाजी करना।

    बिना हेलमेट-सीट बेल्ट : सुरक्षा नियमों की अनदेखी।

    दुर्घटना के बाद भागना : किसी दुर्घटना में चोट लगने के बावजूद मौके से भाग जाना।

    ट्रैफिक पुलिस से दुर्व्यवहार : पुलिस या ट्रैफिक अधिकारी के साथ खराब व्यवहार करना।

    गाड़ी नहीं रोकना : पुलिस द्वारा रोके जाने पर भी गाड़ी न रोकना।

    मेडिकल अयोग्यता : यदि ड्राइवर को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं (जैसे मिरगी, खराब दृष्टि, या मानसिक स्थिति) के कारण अयोग्य पाया जाता है।

    गलत तरीके से लाइसेंस प्राप्त करना : फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से लाइसेंस बनवाना।

    लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया

     नोटिस : लाइसेंसिंग अथॉरिटी आरटीओ कारण बताओ नोटिस जारी करता है।

    सुनवाई : लाइसेंस धारक को अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाता है।

    जांच : यदि जवाब संतोषजनक नहीं है, तो लाइसेंस रद्द किया जा सकता है।

    रिकॉर्ड अपडेट : डेटाबेस से लाइसेंस की जानकारी हटा दी जाती है।

    अपील : यदि आप फैसले से असहमत हैं, तो आप ऊपरी अदालत या अथॉरिटी में अपील कर सकते हैं।

     

    निलंबन : नियम के उल्लंघन पर लाइसेंस 6 महीने या उससे अधिक समय के लिए सस्पेंड किया जा सकता है।

    स्थायी रद्दीकरण : गंभीर अपराध (जैसे 5 चालान, हिट एंड रन) की स्थिति में लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द किया जा सकता है।

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts