इंदौर में थूकने पर विवाद, ढाबा संचालक की चाकू मारकर हत्या; भाई और दोस्त घायल

इंदौर के विजयनगर इलाके में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नंदानगर निवासी लेखराज (25) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका बड़ा भाई शुभम और दोस्त बंटी घायल हो गए। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
थूकने पर टोकना पड़ा भारी
पुलिस के मुताबिक, शुभम और लेखराज मेघदूत गार्डन के पास ढाबा चलाते थे। रविवार देर रात ढाबा बंद कर वे दोस्त बंटी के साथ घर जा रहे थे। रास्ते में नेहरू नगर निवासी जगदीश सिसोदिया, अंजनी नगर के पवन रजक और राज अहिरवार बाइक से शराब पीकर लौट रहे थे। उन्होंने लेखराज के पैर के पास थूका। इस पर लेखराज ने आपत्ति जताई तो बहस शुरू हो गई और बात मारपीट तक पहुंच गई।
चाकू से वार कर भागे आरोपी
हमले में लेखराज को सीने में गंभीर चोट लगी। अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। शुभम और बंटी के हाथ-पैर में भी चोटें आईं। तीनों आरोपी वारदात के बाद बाइक छोड़कर भाग गए, लेकिन गाड़ी के नंबर से पुलिस ने उन्हें सोमवार तड़के पकड़ लिया।
लेखराज के पिता रमेश जाटव ने बताया कि बेटों के साथ उनका दोस्त बंटी ढाबा चलाता था। तीन साल पहले लेखराज ने लव मैरिज की थी, लेकिन उसकी छोटी बेटी की बीमारी से कुछ समय पहले ही मौत हो गई थी।





















