वर्दी की हमदर्दी..जिंदगी के बाद भी...इंदौर में पुलिस ने परिजन बनकर किया ऑस्ट्रेलियाई नागरिक का अंतिम संस्कार, 7 समंदर पार भेजेंगे मृतक की राख

हेमंत नागले, इंदौर। कभी निर्दयी, कभी रिश्वतखोर, कभी बेबस, कभी जुल्मी.. ये वो अलग अलग तमगे और ताने हैं जो पुलिस को मिलते हैं...लेकिन आज पुलिस के एक दूसरे रूप के बारे में बात करेंगे। खाकी का ये नया रूप देखने को मिलाप्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर में, जहां पुलिस कर्मियों ने एक विदेशी व्यक्ति का न केवल विधि विधान से अंतिम संस्कार कराया, बल्कि उसकी राख उसके परिवार तक पहुंचाने का भी बीड़ा उठाया है।
परिजनों की गुहार से पसीजा पुलिस का दिल
मंगलवार को शहर के लसूडिया थाना क्षेत्र में एक होटल में ऑस्ट्रेलिया के नागरिक बेली केविन एंड्रयू की मौत हार्ट अटैक के कारण हो गई थी। उनके निधन के बाद भारत में स्थित ऑस्ट्रेलियाई दूतावास और मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दी गई। केविन के परिवार वालों से बात की तो उन्होंने तत्काल भारत आ पाने में असमर्थता जताई। मृतक के बेटे ने इंदौर पुलिससे गुहार लगाई कि बजाय़ लाश को फ्रीजर में रखने के अगर वे हिंदू रीति रिवाजों से उनका अंतिम संस्कार कर देंगे, तो बहुत उपकार होगा। इतना ही नहीं, बेली के परिजनों ने उनकी राख को ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए भी इंदौर पुलिस से गुहार लगाई।





















