Google Search में आया ChatGPT जैसा नया फीचर, अब पुरानी AI चैट पर लौटना होगा आसान

Google अपने सर्च इंजन को पहले से ज्यादा स्मार्ट और आसान बनाने में जुटा है। कंपनी अब सिर्फ वेबसाइटों के लिंक दिखाने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि यूजर्स को एक ही जगह पर उनके सवालों के जवाब देने की सुविधा भी दे रही है। इसी कड़ी में Google ने डेस्कटॉप यूजर्स के लिए AI Mode में एक नया Sidebar फीचर शुरू किया है। इस नए फीचर की मदद से यूजर्स अपनी पुरानी AI सर्च को दोबारा खोल सकेंगे और उसी बातचीत को आगे बढ़ा पाएंगे। यानी अगर आपने पहले किसी विषय पर Google से सवाल पूछा है और अब उसी से जुड़ी नई जानकारी चाहिए, तो आपको दोबारा शुरुआत से सर्च करने की जरूरत नहीं होगी।
Google के नए Sidebar से क्या होगा फायदा?
Google Search के वाइस प्रेसिडेंट ऑफ प्रोडक्ट रॉबी स्टीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस नए फीचर की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि कंपनी ने दुनियाभर में इसे रोलआउट करना शुरू कर दिया है। इस Sidebar में यूजर्स को अपनी हाल की AI सर्च की लिस्ट दिखाई देगी। यहां से वे किसी भी पुरानी बातचीत को दोबारा खोलकर अपने सवाल पूछ सकते हैं। कंपनी के मुताबिक, टेस्टिंग के दौरान इस फीचर से लोगों को किसी विषय पर अपनी खोज आगे बढ़ाने और उसे बेहतर तरीके से समझने में मदद मिली है।
कैसे इस्तेमाल करें Google का नया AI Sidebar?
Google का यह नया फीचर फिलहाल AI Mode में दिया गया है। इसे इस्तेमाल करना भी काफी आसान है।
- सबसे पहले डेस्कटॉप पर Google का AI Mode खोलें।
- अब सर्च विंडो के दाईं तरफ दिखाई देने वाली ग्रे बार पर क्लिक करें।
- इसके बाद आपकी स्क्रीन पर एक नया Sidebar खुल जाएगा।
- इसमें हाल ही में की गई AI सर्च की लिस्ट दिखाई देगी।
- अब अपनी पसंद की पुरानी सर्च पर क्लिक करके बातचीत आगे बढ़ा सकते हैं।
इस Sidebar में नई चैट शुरू करने और पुरानी बातचीत में किसी खास विषय को खोजने का विकल्प भी मिलेगा। इसके अलावा यूजर्स Gemini Notebook को भी इससे जोड़ सकेंगे। इससे एक ही विषय पर बार-बार जानकारी खोजने वालों को काफी आसानी होगी।
ये भी पढ़ें: Maruti की कार खरीदना हुआ महंगा, आज से बढ़ गए दाम; जानें कितना पड़ेगा असर
ChatGPT और Claude जैसा हो रहा Google Search
Google का यह नया अपडेट दिखाता है कि कंपनी अब अपने सर्च इंजन को AI चैटबॉट जैसा अनुभव देना चाहती है। पहले Google पर कुछ भी खोजने के लिए यूजर्स को बार-बार नए सवाल लिखने पड़ते थे और अलग-अलग वेबसाइटों पर जाकर जानकारी जुटानी पड़ती थी। लेकिन अब AI Mode में पुरानी बातचीत को दोबारा खोलकर उसी विषय पर नए सवाल पूछे जा सकेंगे। यह सुविधा काफी हद तक ChatGPT और Claude जैसे AI चैटबॉट की तरह काम करेगी, जहां यूजर्स अपनी पुरानी चैट पर वापस जाकर बातचीत जारी रख सकते हैं।
Google Search में पहले भी हुए हैं कई बदलाव
Google पिछले कुछ समय से अपने सर्च इंजन में लगातार नए AI फीचर्स जोड़ रहा है। कंपनी ने होमपेज और सर्च बार में AI Mode का बटन दिया है। इसके साथ ही यूजर्स को लंबे सवाल पूछने, AI की मदद से ऑटोकंप्लीट पाने और Gemini के जरिए इमेज बनाने जैसी सुविधाएं भी मिल रही हैं। इसके अलावा यूजर्स अब फाइल अपलोड करके जानकारी हासिल कर सकते हैं और नए आइडिया भी तैयार कर सकते हैं। हालांकि, Google का नया Sidebar फिलहाल सिर्फ डेस्कटॉप पर AI Mode इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए उपलब्ध है। जो लोग सामान्य Google Search का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें अभी यह फीचर नहीं दिखाई देगा।




















