Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हैदराबाद में 26/11 जैसे आतंकी हमले की धमकी, 300 लोगों को मारने की चेतावनी; पुलिस हाई अलर्ट पर

हैदराबाद में 26/11 जैसे आतंकी हमले की धमकी वाला ईमेल मिला है। काचीगुडा रेलवे स्टेशन और होटल की तलाशी ली गई, शहर में सुरक्षा बढ़ाई गई।
हैदराबाद में 26/11 जैसे आतंकी हमले की धमकी, 300 लोगों को मारने की चेतावनी; पुलिस हाई अलर्ट पर
आतंकी हमले की धमकी

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। ईमेल में शहर के प्रमुख स्थानों पर मुंबई के 26/11 जैसे आतंकी हमले की चेतावनी दी गई है। इसमें कम से कम 300 लोगों की जान लेने की धमकी भी दी गई है। संदेश कथित तौर पर आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के नाम से भेजा गया है। हालांकि, शुरुआती जांच में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इसे अफवाह या शरारत की आशंका जताई है। एहतियात के तौर पर पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

रेलवे स्टेशन और होटल को बम से उड़ाने की धमकी

पुलिस की स्पेशल ब्रांच को मिले ईमेल में काचीगुडा रेलवे स्टेशन और वहां स्थित होटल टूरिस्ट प्लाजा को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति ने दावा किया है कि हमले में 300 लोगों की जान ली जाएगी। संदेश में यह भी कहा गया है कि जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना द्वारा आतंकी लतीफ भट और उसके साथियों को मार गिराए जाने का बदला लेने के लिए हमला किया जाएगा।

X Post

बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने की तलाशी

धमकी मिलने के बाद हैदराबाद पुलिस स्पेशल ब्रांच के संयुक्त आयुक्त ने सभी पुलिस थानों के प्रभारियों, ACP, DCP, ट्रैफिक और टास्क फोर्स के अधिकारियों को हाई अलर्ट जारी किया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और एंटी-सैबोटाज टीमों ने काचीगुडा रेलवे स्टेशन और होटल टूरिस्ट प्लाजा की तलाशी ली। हालांकि, जांच के दौरान वहां कोई संदिग्ध या विस्फोटक वस्तु नहीं मिली। एहतियात के तौर पर शहर के अन्य रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, प्रमुख होटलों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर गश्त तेज कर दी है।

Breaking News

साइबर क्राइम टीम तलाश रही ईमेल भेजने वाले का पता

धमकी भरे ईमेल की जांच हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस और खुफिया एजेंसियां कर रही हैं। जांच टीम ईमेल के IP एड्रेस और डिजिटल फुटप्रिंट्स को ट्रैक कर रही है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि धमकी के पीछे किसी आतंकी संगठन का हाथ है या किसी शरारती तत्व ने दहशत फैलाने के लिए ऐसा किया है।

पुलिस की लोगों से अपील, अफवाहों पर ध्यान न दें

हैदराबाद सिटी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अपुष्ट खबरों या अफवाहों पर भरोसा न करें। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है। यदि किसी को कोई लावारिस वस्तु, संदिग्ध वाहन या व्यक्ति दिखाई देता है, तो तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना देने की अपील की गई है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

Latest Posts